Home News Helpline Classified Jobs About Contact

शासकीय कार्यक्रमों में अश्लील गानों और नृत्य पर जनता ने जताई सख्त नाराजगी

शासकीय कार्यक्रमों में अश्लील गानों और नृत्य पर जनता ने जताई सख्त नाराजगी
लेख
20-Sep-26
शासकीय कार्यक्रमों में अश्लील गानों और नृत्य पर जनता ने जताई सख्त नाराजगी

89 प्रतिशत लोगों ने बताया गलत

​छिंदवाड़ा

नगर निगम द्वारा विगत दिनों आयोजित छिंदवाड़ा गौरव कार्यक्रम में फिल्मी अश्लील गाने को लेकर काफी बवाल मचा था। इस विषय को लेकर छिंदवाड़ा अपडेट ने आम लोगों का मत जानने की कोशिश की। जनमत के माध्यम से किए गए सर्वे में सरकारी और अर्द्ध सरकारी संस्थानों द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों में अश्लील और अमर्यादित फिल्मी गीतों पर गायन और नृत्य के बढ़ते चलन को लेकर आम जनता में भारी नाराजगी देखने को मिली। छिंदवाड़ा अपडेट द्वारा आयोजित जनमत सर्वेक्षण में जनता ने प्रशासन और कार्यक्रम आयोजकों को इस पर अपना स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया है।  

​क्या था सवाल?

​जनमत सर्वे में जनता से सवाल पूछा गया था कि शासकीय कार्यक्रमों में अश्लील फिल्मी गीतों पर गायन और नृत्य आपके मत से कितना उचित है? जिसमें तीन विकल्प दिए गए थे। पहला विकल्प था गलत है, दूसरा था सही है और तीसरा विकल्प था कुछ कह नहीं सकते। 
  
ये रहे ​सर्वे के नतीजे 

सर्वे के प्रथम विकल्प ​गलत है पर सबसे अधिक लोगों ने अपना मत दिया। 89.1 प्रतिशत लोगों ने शासकीय कार्यक्रमों में ऐसे गानों और नृत्य के आयोजन को पूरी तरह से गलत ठहराया है। लोगों का तो यहां तक कहना है कि आजकल के सरकारी आयोजनों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नाम पर ऐसे नृत्य और वेशभूषा की प्रस्तुति दी जा रही है जिसे सही नहीं कहा जा सकता। दूसरे विकल्प सही है को केवल 9.1 प्रतिशत लोगों ने इसे सही माना। जबकि ​कुछ कह नहीं सकते विकल्प 1.8 प्रतिशत लोगों ने प्रतिक्रिया दी।
  
​संस्कृति और गरिमा बनाए रखने की मांग

छिंदवाड़ा अपडेट के ​सर्वे के इन आंकड़ों से साफ जाहिर होता है कि जनता सरकारी मंचों पर भारतीय संस्कृति और शासकीय गरिमा का सम्मान चाहती है। लोगों का मानना है कि शासकीय मंचों का उपयोग जागरूकता, सांस्कृतिक मूल्यों और गरिमापूर्ण प्रस्तुतियों के लिए होना चाहिए, न कि फूहड़ या अश्लील गानों पर प्रदर्शन के लिए। ​इस जनमत के बाद अब उम्मीद है कि प्रशासन और आयोजक भविष्य में ऐसे सरकारी आयोजनों की रूपरेखा तय करते समय कार्यक्रमों की संवेदनशीलता और जनता की भावनाओं का विशेष ध्यान रखेंगे।
Share News On