Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

प्रदेश में 8 लाख 49 हजार 82 मतदाता बढ़े

प्रदेश में 8 लाख 49 हजार 82 मतदाता बढ़े
मध्यप्रदेश
21-Feb-26
21 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित, प्रदेश में 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 065 मतदाता 

भोपाल

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इन्टेंसिव रिवीजन) अभियान प्रारंभ किया गया था। 27 अक्टूबर, 2025 से राज्य में आरंभ हुए अभियान में लगभग 4 माह तक विभिन्न चरणों में व्यापक एवं प्रभावी कार्यवाही के बाद 21 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। 

निर्धारित समय में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु 55 जिला निर्वाचन अधिकारियों, 230 निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों, 533 सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों, 71,930 बीएलओ, अनेक वालंटियर्स की सक्रिय भागीदारी रही। कुल 5 करोड़ 74 लाख 06 हजार 143 मतदाताओं में से 5 करोड़ 31 लाख 31 हजार 983 मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त हुए, जिनका पूर्ण डिजिटलीकरण किया गया। बीएलओ द्वारा निरंतर घर-घर सर्वेक्षण किया गया, जिसमें दिवंगत, स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा 2 स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं की पहचान की गई।

लगभग 4 माह चली प्रक्रिया के बाद  अंतिम मतदाता सूची सभी मतदान केंद्रों एवं निर्धारित स्थलों पर प्रकाशित की गई है। यह सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट https://ceoelection.mp.gov.in पर भी उपलब्ध है, जहां मतदाता अपनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले राज्य में कुल 5 करोड़ 74 लाख 06 हजार 143 मतदाता पंजीकृत थे। प्रारूप सूची के प्रकाशन के बाद यह 5 करोड़ 31 लाख 31 हजार 983 संख्या रही तथा अंतिम मतदाता सूची में 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 065 मतदाताओं के नाम सम्मिलित हैं। इस प्रकार प्रारूप सूची के बाद 8,49,082 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है।

प्रत्येक जिले में अंतिम मतदाता सूची की प्रतियां नियमानुसार मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई हैं।
Share News On