Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की बैठक में सांसद ने 20 से अधिक मांगें रखी

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की बैठक में सांसद ने 20 से अधिक मांगें रखी
छिंदवाड़ा
20-Jan-26
आमला-छिंदवाड़ा दोहरीकरण, सागर-छिंदवाड़ा रेल लाईन प्रमुखता से हो पूर्ण

छिन्दवाड़ा

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की मंडल स्तरीय बैठक तुली इंटरनेशनल होटल नागपुर में सांसद बंटी विवेक साहू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले जिलों के सांसद और रेलवे के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। इस मंडल स्तरीय बैठक में सांसद बंटी विवेक साहू ने छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर जहा अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे वही अपनी 20 से अधिक मांगे रेलवे के अधिकारियों के समक्ष रखी।

सांसद बंटी विवेक साहू ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की मंडल स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए बैठक में रेलवे के अधिकारियों के समक्ष अपनी मांग में छिन्दवाड़ा-नरसिंहपुर व सागर तक रेलवे लाइन पुनरीक्षित सर्वे को लेकर रेलवे अधिकारियों से जवाब मांगा है। सांसद ने छिन्दवाड़ा से नागपुर, छिन्दवाड़ा से सिवनी एवं छिन्दवाड़ा से आमला रेल खण्ड को आवश्यकता एवं नीति के अनुसार शीघ्र दोहरीकरण की मांग रखी है। उन्होंने छिन्दवाड़ा चारफाटक में स्थित रेलवे ओवरब्रिज को नरसिंहपुर मार्ग से जोड़ने के लिए ओवरब्रिज का निर्माण करने की मांग की है।

सांसद ने सेवकराम एक्सप्रेस, चित्रकूट एक्सप्रेस और टाटानगर व इतवारी के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को छिन्दवाड़ा तक बढ़ाने की मांग भी प्रमुखता से रेलवे के अधिकारियों के समक्ष रखी हैं। बैठक में डीआरएम के साथ ही जोनल सदस्य व सांसद प्रतिनिधि सत्येन्द्र ठाकुर एवं पूर्व रेलवे सलाहकार समिति सदस्य व मंडल अध्यक्ष अंकुर शुक्ला, मोनू राय सहित रेलवे मंडल के अंतर्गत आने वाले जिलों के सांसद व सांसद प्रतिनिधि और रेलवे के प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

सांसद ने ट्रेनों के स्टॉपेज व अन्य मांगे भी रखी

नागपुर में आयोजित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की मंडल स्तरीय बैठक में सांसद बंटी विवेक साहू ने नागपुर- शहडोल एक्सप्रेस ट्रेन का स्टॉपेज चौरई व लोधीखेड़ा में एवं रीवा-इतवारी एक्सप्रेस ट्रेन का स्टॉपेज भी लोधीखेड़ा में करने की मांग रेलवे अधिकारियों से की है। उन्होंने से कुंडा व अमरवाड़ा जाने वाले मार्ग पर पड़ने वाली रेलवे लाइन में अंडरब्रिज निर्माण की मांग भी रखी है। सांसद ने बैठक में गतिशक्ति योजना के अंतर्गत छिन्दवाड़ा माडल रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य में गति लाने की मांग की है। साथ ही छिन्दवाड़ा रेलवे स्टेशन में पिट लाईन के निर्माण को लेकर भी बैठक में अपनी बात रखी।

सांसद ने रखी अपनी अन्य प्रमुख मांगे

नागपुर में आयोजित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की मंडल स्तरीय बैठक में सांसद बंटी विवेक साहू ने पेंचव्हेली ट्रेन में एसी-2 के दो एवं एसी-3 के कोच बढ़ाने की मांग की है। साथ ही पातालकोट एक्सप्रेस का सोनागिरी स्टेशन में स्टॉपेज की मांग रखते हुए रामबाग छिन्दवाड़ा में रेलवे क्रासिंग पर सब वे के निर्माण और छिन्दवाड़ा से आमला के बीच चलने वाली मेमो ट्रेन में महिला कोच के साथ महिला जीआरपी की तैनाती की मांग भी रखी हैं। सांसद श्री साहू ने पूर्व की भांति छिन्दवाड़ा में आने और जाने वाली सभी गाड़ियों का परिचालन छिन्दवाड़ा के स्टॉप के द्वारा ही करने की मांग भी रेलवे के अधिकारियों के समक्ष रखी है। साथ ही छिन्दवाड़ा स्टेशन में शीघ्र ही एस्केलेटर एवं लिफ्ट का कार्य शीघ्र किए जाने की मांग भी रखी है।
Share News On