Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

श्री संत संताजी जगनाडे़ महाराज की भव्य प्रतिमा का अनावरण

श्री संत संताजी जगनाडे़ महाराज की भव्य प्रतिमा का अनावरण
छिंदवाड़ा
24-Dec-25
एकता और सदाचार की प्रेरणा देता है संत श्री जगनाड़े महाराज का जीवनः बंटी विवेक साहू

छिंदवाड़ा

 पांढुर्णा शहर में बुधवार को श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। यहां स्थानीय तेली समाज संगठन द्वारा भोपाल रोड पर संत जगनाड़े चौक पर श्री संत संताजी जगनाडे़ महाराज की भव्य प्रतिमा का अनावरण सांसद बंटी विवेक साहू सहित अन्य अतिथियां द्वारा किया गया। समारोह तेली समाज व शहरवासियों के लिए ऐतिहासिक रहा। समारोह के माध्यम से सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश दिया गया।

        समारोह में सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि संत श्री जगनाड़े महाराज का जीवन समाज को एकता और सदाचार की प्रेरणा देता है। पांढुर्णा शहर पहले से ही वैभवशाली और समृध्दशाली रहा है। अब यहां पर संत श्री जगनाडे महाराज की प्रतिमा स्थापित हो जाने से उनका आर्शीवाद यहां के लोगों और शहर को मिल सकेगा। जिससे शहर और भी वैभवशाली और समृध्दशाली हो सकेगा। तेली समाज संगठन के पदाधिकारियों और सामाजिक बंधुओं के अथक प्रयासों और सहयोग से यह प्रतिमा यहां स्थापित हो सकी है। उन्होंने समस्त सामाजिक बंधुओं को प्रतिमा स्थापना व अनावरण के लिए शुभकामनाएं दीं।

       इस अवसर पर तेली समाज संगठन के अध्यक्ष भूषण केवटे ने कहा कि यह प्रतिमा पांढुर्ना क्षेत्र में समाज की आस्था व एकजुटता का प्रतीक बनेगी। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, समाजजनों एवं शहरवासियों का आभार जताया। समारोह की शुरूआत पारंपरिक पूजन के साथ हुई। इस दौरान जय संताजी के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। अनावरण के साथ ही सभी ने प्रतिमा के दर्शन कर संत जगनाडे़ महाराज के आदर्शों को नमन किया। आयोजन में तेली समाज संगठन के पदाधिकारियों, सदस्यों और समाज के लोगों की सक्रिय भूमिका रही।

अनावरण के पहले निकली भव्य शोभायात्रा
प्रतिमा अनावरण के पहले मुख्य मार्ग से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें पूरा शहर उत्सव से भरा नजर आया। इस अवसर पर संत जगनाड़े महाराज की पालकी सजाई गई। वहीं दींडी व भजन मंडलियों ने शामिल होकर कीर्तन किए। शोभायात्रा के दौरान हनुमान व्यायाम शाला के युवाओं ने अखाड़े के साहसिक करतब दिखाए। इस दौरान शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत भी किया। इस अवसर पर आयोजित अनावरण समारोह में एमएलसी अभिजीत वंजारी, तेली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलकांत घाटोड़े, नपाध्यक्ष संदीप घाटोड़े, तेली समाज संगठन के अध्यक्ष भूषण केवटे, महिला इकाई अध्यक्ष देविका भांगे, भाजपा वरिश्ठ नेता भूशण केवटे, विश्णु लेण्ढे, दिलीप केवटे, हेमराज तितरे, अशोक मानापुरे,यादवराव डोबले, उमेश उरकुडे, बापू गायधने, श्री खोडे, राजू नरोटे, विश्वेन्द्र बैस सहित समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।
Share News On