Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

जिले का किसान परेशान, भाजपा सरकार और सांसद को चिंता नहीं: विश्वनाथ ओक्टे

जिले का किसान परेशान, भाजपा सरकार और सांसद को चिंता नहीं: विश्वनाथ ओक्टे
छिंदवाड़ा
16-Jul-25
खाद की समस्या को लेकर कांग्रेस हुई मुखर, आंदोलन की दी चेतावनी

छिन्दवाड़ा

संसदीय क्षेत्र छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना के इतिहास में पहली बार खाद के लिए ऐसी भगदड़ मची है। किसान सुबह से ही खाद के लिए वितरण केन्द्रों के समक्ष कतार में खड़ा है, लेकिन भाजपा की सरकार से उसे यूरिया नहीं बल्कि पुलिस की सख्ती मिल रही। कांग्रेस के द्वारा लगातार शासन व प्रशासन को खाद के भण्डारण व वितरण को लेकर आगाह किया गया फिर भी जिम्मेदार नहीं जागे। परिणाम स्वरूप किसान खाद के लिए भटक रहा है। किसानों की खाद से सम्बंधित समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए कमलनाथ जी एवं नकुलनाथ ने खाद कम्पनियों के प्रमुखों से खाद  उपलब्ध कराने हेतु चर्चा की है। यह बात जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। श्री ओकटे ने आगे कहा कि भाजपा सरकार के तीनों इंजन फेल हो चुके हैं। जिले का किसान लगातार भटक रहा और सांसद अपनी पार्टी के नेताओं व मंत्रियों के साथ फोटो खिंचवाने में व्यस्त है। सरकार से हम लगातार मांग कर रहे हैं कि जिन किसानों पर सोसाइटियों का ऋण है उन्हें नकद में खाद दी जाए। सांसद कोरी बयानबाजी छोड़ें और किसान हित में ठोस कदम उठाते हुए यूरिया खाद की पर्याप्त व्यवस्था करें।


आंदोलन की दी चेतावनी

कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री ओक्टे ने चेतावनी देते हुए कहा कि आगामी तीन दिवस के भीतर यूरिया की उपलब्धता नहीं हुई तो कांग्रेस विधानसभावार उग्र आंदोलन व धरना प्रदर्शन करेगी जिसके लिए शासन व प्रशासन जिम्मेदार होंगे। उन्होंने आगे कहा कि पिछले वर्ष 1 अप्रैल से 15 जुलाई के बीच 38 हजार मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध था, किन्तु इस वर्ष अभी तक 30 हजार मीट्रिक टन यूरिया ही छिन्दवाड़ा आया है, जबकि हर वर्ष 30 प्रतिशत की दर से यूरिया की खपत बढ़ रही है। फिर भी गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष 8 हजार मीट्रिक टन खाद कम उपलब्ध कराया गया। बेबस व लाचार किसान मजबूरीवश खुले बाजार से खाद दोगुने दामों पर खरीद रहा।

कमलनाथ व नकुलनाथ ने खाद कंपनियों से की चर्चा

पूर्व सीएम कमलनाथ और नकुलनाथ ने छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना में यूरिया खाद की कमी को संज्ञान में लेते हुए उच्च अधिकारियों से चर्चा कर अविलम्ब खाद उपलब्ध कराने दबाव बनाया है। श्री ओकटे ने कहा कि नेताद्वय ने आश्वस्त किया है कि आगामी 4 से 5 दिनों में इफाको आईपीएल, चम्बल व ब्रम्हपुत्र कंपनियों की रैक छिन्दवाड़ा पहुंच रही है। ये रैक लोड होकर छिन्दवाड़ा के लिए रवाना हो चुकी है।

छिन्दवाड़ा के हिस्से का खाद-पानी सिवनी भेज रही भाजपा

किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्र सिंह चौधरी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा छिन्दवाड़ा के हिस्से का खाद-पानी सबकुछ सिवनी भेज रही है। पहले माचागोरा जलाशय से पानी भेजा, अब छिन्दवाड़ा के लिए आने वाले खाद का 30 प्रतिशत सिवनी व मंडला जिले को भेजा गया है। पूर्व में भी किसानों को महज दो-तीन बोरी खाद दिया गया। जिन किसानों के पास कृषि भूमि का अधिक रकबा है उन्हें भी दो-तीन बोरी यूरिया दिया जाना उचित नहीं है। डीएमओ आफिस के खाद वितरण केन्द्र से किसानों को पुलिस द्वारा खदेड़ा जा रहा है जो की बेहद निंदनीय है।

आयोजित वार्ता में पांढुर्ना जिला प्रभारी श्री गंगाप्रसाद तिवारी, जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष गोविंद राय, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मनीष पांडे, नगर पालिक निगम के अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो, जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता नितिन उपाध्याय उपस्थित रहे।
Share News On