Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

कलेक्टर ने दिए बारिश के दौरान 24 घंटे पुल-पुलियों पर निगरानी के आदेश

कलेक्टर ने दिए बारिश के दौरान 24 घंटे पुल-पुलियों पर निगरानी के आदेश
छिंदवाड़ा
06-Jul-26
कोटवार की सेवा समाप्त करने एवं पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी

छिन्दवाडा

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में समय-सीमा के लंबित प्रकरणों के साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई, न्यायालयीन प्रकरणों, वरिष्ठ कार्यालयों एवं विभिन्न आयोगों से प्राप्त लंबित पत्रों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री नारायन ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकताओं से जुड़े सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

कोटवार की सेवा की समाप्त, पटवारी को नोटिस

बैठक में हर्रई क्षेत्र में हाल ही में हुई बारिश के दौरान दो लोगों के बह जाने की घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने संबंधित ग्राम के कोटवार की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान मैदानी अमले की सक्रियता अत्यंत आवश्यक है तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुल और पुलियों पर 24 घंटे निगरानी के निर्देश

मानसून के मद्देनजर कलेक्टर श्री नारायन ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर पुल-पुलियों के ऊपर पानी आने की संभावना रहती है, वहां 24 घंटे निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील स्थलों पर आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए तथा संबंधित अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि ड्यूटी का पालन नियमित रूप से हो रहा है या नहीं। उन्होंने अधिकारियों को स्वयं भी ऐसे स्थलों का निरीक्षण करने और किसी भी स्थिति में लोगों को जलमग्न पुल-पुलियों को पार नहीं करने देने के निर्देश दिए।

सर्पदंश के मरीजों के लिए एंटीवेनम उपलब्ध रखने के निर्देश

बैठक में जिले में लगातार बढ़ रही सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में पर्याप्त मात्रा में एंटीवेनम उपलब्ध रहे, ताकि सर्पदंश के किसी भी मरीज का तत्काल उपचार किया जा सके और जनहानि को रोका जा सके। उन्होंने सभी पीएचसी के बाहर स्पष्ट सूचना-पट्ट लगाने के निर्देश भी दिए, जिस पर उल्लेख हो कि केंद्र में एंटीवेनम उपलब्ध है, जिससे आमजन को आवश्यक जानकारी आसानी से प्राप्त हो सके। बैठक में कलेक्टर श्री नारायन ने विभिन्न अंतर्विभागीय एवं समसामयिक विषयों पर भी चर्चा करते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने तथा जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर राहुल कुमार पटेल, पुष्पेंद्र निगम एवं आर.के. मेहरा सहित जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। जिला मुख्यालय के अतिरिक्त सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
Share News On