Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

मंदिर के पुजारी को बम से उड़ाने की धमकी, सिटी कोतवाली में की शिकायत

मंदिर के पुजारी को बम से उड़ाने की धमकी, सिटी कोतवाली में की शिकायत
छिंदवाड़ा
17-Mar-26
छिंदवाड़ा

चार फाटक के पास स्थित श्री केसरी नंदन हनुमान मंदिर के मुख्य पुजारी को अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर अभद्र भाषा में बात करते हुए बम से उड़ाने की धमकी दी है। इस बात की शिकायत आज उन्होंने मंदिर के अन्य सदस्यों के साथ थाना कोतवाली पहुंचकर की। अपनी शिकायत में मंदिर पुजारी अनिल मालवीय ने बताया कि 15 मार्च को दोपहर करीब 4 से 5 बजे के बीच एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर न केवल गालियां दीं बल्कि मंदिर प्रांगण सहित उन्हें बम से उड़ाने की धमकी भी दी। उस समय मंदिर ट्रस्ट के सदस्य और श्रद्धालु आगामी रामनवमी और श्री हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक कर रहे थे। फोन आने के बाद उपस्थित लोगों में दहशत का माहौल बन गया। उन्होंने पुलिस को बताया कि कॉल करने वाला व्यक्ति खुद को पत्रकार बता रहा था, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है। 

घटना के बाद मंदिर पुजारी, ट्रस्ट सदस्यों और श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सिटी कोतवाली पहुंचकर लिखित ज्ञापन सौंपा और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि कॉल करने वाले की मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। पुलिस के अनुसार मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है और साइबर सेल की मदद से संदिग्ध नंबर की लोकेशन ट्रैक की जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी उठी है, ताकि धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
Share News On