सिंचाई काम्पलेक्स के लिए मिला विशेष पुनर्वास पैकेज
कृषि जगत
22-Apr-26
सांसद ने भोपाल में मुख्यमंत्री और जल संसाधन मंत्री से मुलाकात करते हुए किसानों एवं डूब प्रभावित गांवों के लिए मांगा था स्पेशल पैकेज
छिंदवाड़ा
सांसद बंटी विवेक साहू के लगातार संघर्ष एवं प्रयासों से छिन्दवाड़ा सिंचाई काम्पलेक्स परियोजना में पुर्नवास के लिए 969 करोड़ रूपये के विशेष पुर्नवास पैकेज की स्वीकृति भोपाल में हुई मंत्रीमंडल की बैठक में मिल गई है।
बुधवार को हुई मंत्री परिषद की बैठक में छिन्दवाड़ा सिंचाई काम्पलेक्स परियोजना में पुर्नवास के लिए स्वीकृत राशि 840 करोड़ 80 लाख रूपये के स्थान पर लगभग 969 करोड़ का विशेष पुर्नवास पैकेज स्वीकृत कर दिया गया है। सांसद के प्रयासों से विशेष पैकेज में 128.2 करोड़ की बढ़ोत्तरी की गई है। इस विशेष पैकेज के तहत त्वरित क्रियान्वयन एवं विस्थापितों के अपेक्षित सहयोग के लिए केन - बेतवा अंतर्राष्ट्रीय नदी जोड़ों परियोजना के समकक्ष प्रदान किए जाने का निर्णय लिया गया है।
छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के 678 ग्राम होंगे लाभान्वित
सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से इस परियोजना से छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के 678 ग्राम लाभान्वित होंगे। जिसमें से पांढुर्णा जिले की पांढुर्णा तहसील के 129 ग्राम, पांढुर्णा जिले की सौंसर तहसील के 124 ग्राम, छिन्दवाड़ा जिले की मोहखेड़ तहसील के 132 ग्राम, बिछुआ तहसील के 76 ग्राम, छिन्दवाड़ा तहसील के 7 ग्राम, जुन्नारदेव तहसील के 126 ग्राम, चांद तहसील के 34, और उमरेठ तहसील के 50 ग्राम इस परियोजना से सिंचाई के अतिरिक्त समीपवर्ती क्षेत्रों के पीने के पानी की समस्या हेतु पेयजल, औद्योगिक उपयोग एवं विद्युत उत्पादन हेतु जल सुरक्षित रखने का प्रावधान है।
इन गांवों के निवासियों को मिलेगा लाभ
सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से इस परियोजना के तहत तहसील जुन्नारदेव के भावईकलां, भावईखुर्द, बिरजपुरा, दमुआ, हिरदागढ़ छिनढाना, करहैया, करमोहिनी बंधी, खापासुरजु, मांडई, नंदौरा, महेंदावीर, रामनगरी एवं सेमरकुही, तहसील मोहखेड़ के कोहटमाल, पीपलगांव, बोरगांव, कोहटरैय्यत, तिकाड़ी, बीजागोरा, भवारी रैय्यत, संगम, दीप, रहप, धगडियामाल, मेहलारी बाकुल एवं पर्वत घोघरी, तहसील पांढुर्णा के भूली, खड़की, धावड़ीखापा, खेड़ीधानभोयर, मोराडोंगरी, भुयारी एवं नीलकंठ, तहसील सौंसर के हरनबेडी, बरगाबोडी, पलासपानी, गाजनडोह के निवासियों को लाभ मिल सकेगा।
सांसद ने मुख्यमंत्री और जल संसाधन मंत्री से की थी मुलाकात
सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव और जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट से मुलाकात के दौरान उन्हें बताया था कि उनके संसदीय क्षेत्र छिंदवाड़ा-पांढुर्णा के अंतर्गत बहुउद्देशीय परियोजना छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजना की स्वीकृति प्राप्त है। इस योजना की जल भराव क्षमता 651.33 मि.घ.मी. है, जिससे छिंदवाड़ा, जुन्नारदेव, मोहखेड़, बिछुआ, चौरई, उमरेठ, सौंसर एवं पांढुर्णा विकासखण्डों की 190500 हेक्टेयर सिंचाई प्रस्तावित है। उक्त कार्य में प्रभावित हो रहे ग्रामीणों द्वारा स्पेशल भुअर्जन एवं पुनर्वास एवं पुर्नव्यवस्थापन पैकेज की मांग की गई।
सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री एवं जल संसाधन मंत्री को बताया कि इस योजना में कुछ बाधाएं आ रही है, जिसे शासन स्तर पर हल किया जा सकता है। जिसके अंतर्गत परियोजना में पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन प्रस्तावित है जिसके लिए स्पेशल पैकेज की स्वीकृति शासन स्तर से लंबित है। परियोजना से वन भूमि प्रभावित हो रही है जिसके लिए छिंदवाडा एवं पांढुर्णा जिले के अलावा अन्य जिलों से भी गैर वन भूमि की आवश्यकता पड़ेगी। वन विभाग छिन्दवाडा की भूमि के बदले अन्य जिलों की भूमि को वनों के लिये आवंटित किया जाना प्रस्तावित है।
सांसद श्री साहू ने मुख्यमंत्री एवं जल संसाधन मंत्री से मांग की है कि इस बहुउद्देशीय योजना के लिए विशेष भू-अर्जन एवं पुनर्वास अनुदान पैकेज की स्वीकृति मध्यप्रदेश शासन से प्रदान करने तथा अन्य जिलों से गैर वनभूमि उपलब्ध कराने हेतु प्रदेश के अन्य जिलों के जिलाध्यक्षों को निर्देशित करने का कष्ट करें जिससे की उक्त भूमि प्राप्त होने पर वन प्रकरण की स्वीकृति हो सके।