Home News Helpline Classified Jobs About Contact

चना और मसूर के लिये 28 मई तक होगी स्लॉट बुकिंग

चना और मसूर के लिये 28 मई तक होगी स्लॉट बुकिंग
कृषि जगत
06-May-26
छिन्दवाडा

शासन के निर्देशानुसार रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर पंजीकृत कृषकों से चना एवं मसूर का उपार्जन 30 मार्च से 28 मई तक किया जा रहा है। जिला छिंदवाड़ा के लिये 11 तथा जिला पांढुर्णा के लिये 02 उपार्जन केन्द्रों का निर्धारण जिला स्तरीय उपार्जन समिति द्वारा किया गया है। जिन किसानों द्वारा चना एवं मसूर फसलों का पंजीयन कराया गया है, वे किसान ई-पोर्टल पर खरीदी की अंतिम तिथि से 10 दिवस पूर्व तक स्लॉट बुक कर सकते हैं।

उप संचालक कृषि जितेन्द्र कुमार सिंह द्वारा पंजीकृत किसानों से अपील की गई है कि वे चना एवं मसूर विक्रय के लिये जिस उपार्जन केन्द्र के लिए स्लॉट बुक कराए हैं, निर्धारित अवधि में उस केन्द्र पर पहुंचकर अपनी उपज का विक्रय करें। साथ ही ऐसे पंजीकृत किसान जिन्होंने अभी तक स्लॉट बुक नहीं कराया है, वे खरीदी की अंतिम तिथि से पूर्व निर्धारित समयावधि में अपना स्लॉट बुक कर लें। अधिक जानकारी के लिए संबंधित समिति प्रबंधक एवं क्षेत्र के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।
Share News On