जरूरतमंद परिवारों को दीप वितरण कर रही शुभम शिक्षा समिति
छिंदवाड़ा
02-Nov-26
छिंदवाड़ा अपडेट

दीपावली का पर्व केवल अपने घरों को रोशन करने का उत्सव नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाने का संदेश देता है। इसी मानवीय भावना को साकार करते हुए रिंकू जसमीत बेदी एवं शुभम शिक्षा समिति द्वारा दीपावली के अवसर पर दीप वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उन परिवारों तक दीपावली की खुशियां पहुँचाना है, जिनके लिए त्योहार की तैयारियां आर्थिक परिस्थितियों के कारण कठिन हो जाती हैं। समिति का प्रयास है कि कोई भी घर दीपावली के पावन अवसर पर रोशनी और उत्साह से वंचित न रहे। दीप वितरण के माध्यम से समाज को यह संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है कि त्योहारों की वास्तविक खुशी केवल स्वयं उत्सव मनाने में नहीं, बल्कि दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाने में है। एक छोटा-सा दीप किसी के घर में रोशनी के साथ-साथ अपनत्व, सम्मान, आशा और खुशियों का संचार कर सकता है।
शुभम शिक्षा समिति का मानना है कि सामाजिक सेवा का वास्तविक अर्थ जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटना और समाज में सहयोग, संवेदना एवं मानवता की भावना को मजबूत करना है। यह पहल समाज के सक्षम परिवारों को भी सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करेगी। कार्यक्रम को सफल बनाने में रिंकू बेदी, आशु डागा, महेन्द्र जाखोटिया, सोनू राजपुत, गोपाल चांडक, सचिन बटाबिया एवं शुभम शिक्षा समिति के सदस्यों ने योगदान दिया।