Home News Helpline Classified Jobs About Contact

मातृ-शिशु मृत्यु को लेकर नाराज हुए कलेक्टर, जिम्मेदारों को लगाई फटकार

मातृ-शिशु मृत्यु को लेकर नाराज हुए कलेक्टर, जिम्मेदारों को लगाई फटकार
छिंदवाड़ा
02-Nov-26

शुक्रवार 06 नवंबर को चौरई के खैरीखुर्द में लगेगा सीएम जनविश्वास शिविर

छिन्दवाडा अपडेट

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त केंद्र सरकार के सीपीग्राम पोर्टल की शिकायतों के निराकरण में पूरी गंभीरता बरती जाए। सीपीग्राम की प्रत्येक शिकायत में विधिवत जांच के बाद ही गुणवत्तापूर्ण प्रतिवेदन अपलोड किया जाए। इसी तरह सीएम जनविश्वास अभियान के तहत प्रति सप्ताह चिन्हित की जाने वाली सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। सभी अधिकारी स्वयं प्रत्येक शिकायत को पढ़ें, समझें और संतुष्टि के साथ निराकरण कराएं। निराकरण योग्य न होने की स्थिति में ही फोर्स क्लोज के लिए प्रस्तावित की जाएं। कलेक्टर श्री नारायन सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला अधिकारियों को आवश्यक दिशा - निर्देश दे रहे थे।

 बैठक में समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा के साथ ही मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, सीएम हेल्पलाइन व जनसुनवाई आवेदनों के निराकरण और विभिन्न आयोगों, वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त आवेदनों में की गई कार्यवाही की भी विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सीएम जनविश्वास अभियान में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के नोडल अधिकारी एसडीएम परासिया शुभम कुमार यादव द्वारा आगामी शिविर के लिए चिन्हित शिकायतों की विभागवार जानकारी दी गई और शीघ्र निराकरण के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

अगला सीएम जनविश्वास शिविर 06 नवंबर को चौरई के खैरीखुर्द में 

कलेक्टर श्री नारायन ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अगला जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर विकासखंड चौरई की ग्राम पंचायत खैरीखुर्द में शुक्रवार 06 नवंबर को आयोजित किया गया है। शिविर के पूर्व खैरीखुर्द और आस-पास के ग्रामों की शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को अनिवार्य रूप से इस शिविर में उपस्थित होने और अपनी अधीनस्थ संस्थाओं का निरीक्षण कर प्रतिवेदन परख ऐप में ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

ग्राम पंचायत पटनिया की पेयजल समस्या का हुआ समाधान

समीक्षा में कार्यपालयन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी ने बताया कि गत बैठक में दिए निर्देशानुसार जल निगम एवं ग्राम पंचायत द्वारा ग्राम पंचायत पटनिया में स्त्रोत को पाइप लाइन से जोड़कर ग्रामवासियों के घर तक जल प्रदाय का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। ग्रामवासियों को नियमित रूप से पेयजल प्राप्त हो रहा है। समस्या के निराकरण पर कलेक्टर ने संतोष जाहिर किया।

पितृविहीन बालकों को दिलायें शासन की योजना का लाभ 

कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को निर्देश दिए कि मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत पात्र बाल हितग्राहियों को योजना का लाभ अनिवार्य रूप से दिलाना सुनिश्च करें। सीएम जन विश्वास शिविरों में भी इस संबंध में आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, उनमें पात्रता की जाँच शीघ्र पूरी करें और पात्र होने पर योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास ने बताया कि माह अप्रैल से सितंबर 2026 तक 06 माह ही कुल राशि 77,68,000 रूपये का भुगतान 335 बाल हितग्राहियों को हो चुका है।

मातृ एवं शिशु मृत्यु को लेकर जिम्मेदारों पर कार्यवाही के निर्देश

बीते दिनों हुए मातृ एवं शिशु मृत्यु के प्रकरणों पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई और जांच प्रतिवेदन में सभी संबंधित जिम्मेदारों का स्पष्ट उल्लेख करते हुए उन पर कड़ी कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। कंसल्टेंट डॉक्टर के मौके पर उपस्थित न रहने और प्रकरण की गंभीरता को न समझने के कारण निर्मित हुई स्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रदायगी में बरती गई लापरवाही और असंवेदनशीलता के लिए उनके विरुद्ध भी कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। बैठक में अन्य प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
Share News On