संक्रामक रोगों को रोकने स्वास्थ्य विभाग चलाएगा अभियान
स्वास्थ्य
02-Nov-26
“दो घर, तीन घर, फ़ौरन ख़बर” अभियान की आईईसी सामग्री का विमोचन
शुरुआती लक्षणों की पहचान और समय पर सूचना देने के प्रति किया जाएगा जागरूक

छिन्दवाडा अपडेट
जिले में संक्रामक बीमारियों की समय पर पहचान एवं रोकथाम के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामुदायिक सहभागिता अभियान “दो घर, तीन घर, फ़ौरन ख़बर” संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में आयोजित टीएल बैठक में अभियान से संबंधित जनजागरूकता सामग्री का विमोचन किया गया। विमोचन के अवसर पर अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम परासिया शुभम यादव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अर्चना कैथवास सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बीमारी के लक्षण दिखने पर तत्काल सूचना देने की अपील
अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संक्रामक बीमारियों के शुरुआती लक्षणों की पहचान कर समय पर स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने के प्रति आमजन को जागरूक करना है। अभियान के संदेश के अनुसार यदि किसी गांव या मोहल्ले के दो-तीन घरों में बुखार, खांसी, दस्त अथवा एक जैसे संक्रामक रोग के लक्षण दिखाई दें, तो इसे सामान्य मौसमी बीमारी समझकर नजरअंदाज न करें। इसकी सूचना तत्काल आशा कार्यकर्ता, एएनएम, सीएचओ अथवा निकटतम आयुष्मान आरोग्य मंदिर को दें। समय पर सूचना मिलने से बीमारी के संभावित प्रकोप को शुरुआती स्तर पर ही रोकने में मदद मिल सकती है।
होगा व्यापक प्रचार-प्रसार
अभियान के अंतर्गत सरपंचों एवं आम समुदाय के लिए चार जागरूकता पोस्टर, एक वीडियो जिंगल तथा शहरी क्षेत्रों के लिए ऑडियो जिंगल तैयार किए गए हैं। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों, ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों को इन जागरूकता सामग्रियों का व्यापक प्रदर्शन एवं प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। इस अवसर पर जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ. राहुल नाग, कार्यक्रम अधिकारी मनीष सिंह एवं डॉ. सरीन भी उपस्थित थे।