Home News Helpline Classified Jobs About Contact

परासिया के दो डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस

परासिया के दो डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस
छिंदवाड़ा
21-Sep-26
कलेक्टर श्री नारायन ने ली समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक

छिन्दवाडा

जिला प्रशासन के निर्देश पर परासिया क्षेत्र के लिए 3 शिशु रोग विशेषज्ञ की ड्यूटी लगाई गई है। लेकिन इनमें से दो डॉक्टर्स के वहां न पहुंचने की जानकारी संज्ञान में आने पर कलेक्टर श्री नारायन ने नाराजगी जाहिर की और दोनों डॉक्टर्स के विरुद्ध  कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उन्हें हिदायत देने और तब तक की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री नारायन ने अवमानना के सभी प्रकरणों में जवाब लगाने, सभी तहसीलदारों को सरकारी भूमि में हुए अतिक्रमण को चिन्हांकित करने, जनपद सीईओ को ई - केवायसी कार्य में और प्रगति लाने, जिला अस्पताल में शिविर दिवसों में गर्भवती महिलाओं के लिए दो काउंटर खोलने सहित अन्य निर्देश भी दिए हैं।

कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा ली। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं शासन की प्राथमिकता वाले विषयों की विभागवार समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सेवा संकल्प अभियान, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान, सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, नल जल योजना, संबल योजना, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं आदि से संबंधित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई और जिले में प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं मुख्यालय के अधिकारी उपस्थित थे, जबकि अन्य सभी एसडीएम, जनपद सीईओ, सीएमओ सहित विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

संबल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

कलेक्टर श्री नारायन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संबल योजना शासन की एक महत्वपूर्ण योजना है, जो कठिन समय में जरूरतमंद परिवारों को संबल देने का कार्य करती है। इसके क्रियान्वयन में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सहायक श्रम पदाधिकारी, संबंधित एसडीएम के साथ समन्वय कर अपील के सभी प्रकरणों का यथाशीघ्र निराकरण कराएं। अंत्येष्टि सहायता की कोई भी शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए। सहायक श्रम पदाधिकारी सभी सीईओ जनपद और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों से संपर्क कर यह सुनिश्चित कराएं कि सभी पात्र हितग्राहियों के परिवारों को जरूरत के समय तत्परता से अंत्येष्टि सहायता प्राप्त हो सके। इसमें विलंब होने पर संबंधित सचिव और वार्ड मोहर्रिर की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

पेयजल से संबंधित शिकायतें गंभीरता से निराकृत कराई जाएं

कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देश दिए कि जिले में नल जल योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और सभी जनपद सीईओ आपस में बेहतर समन्वय में रहें। अपने क्षेत्र में नल जल योजनाओं के संचालन एवं हैंडओवर के संबंध में पूरी जानकारी रखें। पेयजल संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका निराकरण तत्परता के साथ कराया जाए।

खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं गुणवत्ता में लापरवाही पाए जाने पर कार्यवाही भी करें

कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान जिन होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में हाईजीन और गुणवत्ता की लेकर लापरवाही मिल रही है, उन्हें नियमानुसार नोटिस जारी कर कार्यवाही भी की जाए, केवल हिदायत देने तक सीमित न रहें।
 
सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करें 

कलेक्टर श्री नारायन ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं अन्य लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित राहत एवं समाधान उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है, इसलिए शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
Share News On