24 सितम्बर को बीसापुरकला में आयोजित होगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर
छिंदवाड़ा
21-Sep-26
छिंदवाड़ा

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि शुक्रवार 25 सितंबर को शासकीय अवकाश होने के कारण आगामी जनसमस्या निवारण शिविर एवं जनसंवाद कार्यक्रम मोहखेड़ ब्लॉक के बीसापुरकला में गुरुवार 24 सितम्बर को आयोजित किया गया है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देश दिए कि शिविर केवल औपचारिकता न होकर आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बने, इसके लिए सभी विभाग पूर्व तैयारी के साथ उपस्थित हों। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिविर हेतु चयनित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों एवं लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
ट्राइबल छात्रावासों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान हर्रई एवं तामिया विकासखंड के कुछ आदिवासी छात्रावासों की स्क्रीनिंग के दौरान लक्षण न पाए जाने पर भी विद्यार्थियों के मलेरिया संक्रमित पाए जाने पर कलेक्टर श्री नारायन ने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को छात्रावासों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औचक निरीक्षण में यह जरूर देखें कि विद्यार्थी मच्छरदानी का उपयोग कर रहे हैं या नहीं एवं कोई विद्यार्थी बीमार तो नहीं है। एसिमटोमेटिक व्यक्ति के माध्यम से भी मच्छर रोग फैला सकते हैं, इसीलिए समय पर सभी की जांच और उपचार जरूरी है।