Home News Helpline Classified Jobs About Contact

आत्म-जागरूकता से आत्मविश्वास, अधिकारों की जानकारी से सशक्तिकरण

आत्म-जागरूकता से आत्मविश्वास, अधिकारों की जानकारी से सशक्तिकरण
शिक्षा
01-Oct-26
सेवा संकल्प अभियान में आत्म-जागरूकता के साथ महिला सुरक्षा का संदेश

छिंदवाड़ा अपडेट

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत इंदिरा गांधी शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए ‘स्वयं को पहचानो’ विषय पर सहजयोग एवं योग क्रिया अभ्यास तथा महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया गया। सहजयोग सत्र में विद्यार्थियों को मूलाधार, स्वाधिष्ठान, नाभि, अनाहत, विशुद्धि, आज्ञा एवं सहस्रार चक्र से संबंधित जानकारी देते हुए योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। विद्यार्थियों को मन की एकाग्रता, सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।

महिला एवं बालिका सुरक्षा सत्र में डिस्ट्रिक्ट हब फॉर इमपॉवरमेंट वूमेन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, वन स्टॉप सेंटर एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। विधिक सेवा प्राधिकरण अधिकारी श्री सोमनाथ राय ने कानून एवं उपभोक्ता अधिकारों पर मार्गदर्शन दिया। वहीं वन स्टॉप सेंटर से श्रीमती रीता चौरसिया एवं श्रीमती वैशाली डेहरिया ने महिला एवं बालिका सुरक्षा तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं महिला हेल्पलाइन 1090 की जानकारी दी।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आलोक यादव ने कहा कि “तकनीकी ज्ञान के साथ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, जीवन कौशल और अपने अधिकारों की जानकारी होना भी आवश्यक है। जागरूकता ही विपरीत परिस्थितियों का सामना करने की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है।” उन्होंने विद्यार्थियों से योग, सकारात्मक सोच एवं कानून संबंधी जानकारी को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विषय पर आयोजित रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। मंच संचालन श्रीमती नीलम खासकलम एवं आभार प्रदर्शन श्री राकेश कुमार कावरे ने किया। इस अवसर पर श्रीमती ओम कटकवार, श्रीमती शाइस्ता अंसारी, श्रीमती ममता बघेल, श्रीमती स्वाति चौरसिया, श्रीमती शैली कराड़े, कुमारी ज्योति कामडे सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

Share News On

जीवन में ऐसी कोई चीज नहीं है जिससे डरा जाये जरूरत केवल उसे समझने की है.!