पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराना शासन की पहली प्राथमिकता: सांसद
छिंदवाड़ा
30-Sep-26
कलेक्ट्रेट में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक
किसानों को चना, अलसी, सरसों की फसल के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए

छिन्दवाडा
छिंदवाड़ा सांसद श्री विवेक बंटी साहू की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्धारित एजेंडा बिंदुओं जल संरक्षण एवं जल भंडारण, वीबी जीरामजी, स्वामित्व योजना, डब्ल्यू सी एल, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना, विद्युत संबंधी विषय, जिले के नदी नालों में निर्मित पुल - पुलियों के हाइ फील्ड लेवल की समीक्षा, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि के कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
इसके साथ ही जिले के विकास और आमजन की समस्याओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई, उपस्थित जनप्रतिनिधियों से सुझाव लिए गए और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। विशेष रूप से इस वर्ष अपेक्षाकृत कम बारिश के दृष्टिगत वर्षभर पेयजल की उपलब्धता के लिए पुख्ता कार्ययोजना एवं आवश्यक व्यवस्थाएं अभी से बनाने और कम पानी वाली फसलों की बोनी के लिए कृषकों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
पेयजल आपूर्ति में लापरवाही नहीं होगी स्वीकार: सांसद बंटी विवेक साहू
सांसद श्री साहू ने वर्षा कम होने की वजह से आगामी समय के लिए सभी प्रकार के जल संरक्षण, भंडारण और आपूर्ति की व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी समय में संभावित संकट को लेकर सभी को जानकारी है। इसीलिए सभी नगरीय निकाय, पंचायत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और जल संसाधन विभाग के अमला अभी से अपने-अपने स्तर की कार्यवाहियों के लिए अभी से पुख्ता कार्ययोजना बना लें। इसके बाद गर्मी में कोई समस्या या लापरवाही न हो, अन्यथा व्यक्तिशः जिम्मेदारी तय की जाएगी। नागरिकों को पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित कराना शासन की पहली प्राथमिकता है। पानी का दुरुपयोग न होने दें। अमृत 2.0 का काम तेजी से कराएं। नहरों में लगे अवैध मोटर पम्पों पर नियमानुसार सख्ती से कार्यवाही की जाए।
कृषकों को कम पानी वाली फसलों के लिए करें प्रेरित, बीज की उपलब्धता कराएं सुनिश्चित
सांसद श्री साहू ने कहा कि इस वर्ष कम वर्षा के दृष्टिगत जलाशयों में उपलब्ध पानी में से सर्वप्रथम पेयजल के लिए पानी आरक्षित किया जाएगा। उसके बाद सिंचाई के लिए दिया जाएगा। इसीलिए कृषकों को गेहूं की बजाय कम पानी वाली फसलों जैसे चना, अलसी, सरसों आदि की बोनी के लिए प्रेरित किया जाए। कृषि विभाग इन फसलों के गुणवत्ता युक्त बीजों की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता किसानों के लिए सुनिश्चित कराएं। साथ की फील्ड में जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर कृषकों को इन कम पानी वाली फसलों की बोनी के लिए प्रोत्साहित करें।
नए भवन तत्काल कराएं हैंडओवर
सांसद श्री साहू ने कहा कि फील्ड भ्रमण के दौरान यह संज्ञान में आया है कि विभिन्न स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, संजीवनी क्लीनिक आदि के नवीन भवन बनकर तैयार हैं, लेकिन हैंडओवर नहीं होने के कारण उनका उपयोग नहीं हो रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करते हुए नवीन भवनों को हैंडओवर कराने और उपयोग शुरू कराने के निर्देश दिये।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चिन्हित करें उद्योगों के लिए भूमि
सांसद श्री साहू ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में उद्योगों के विकास को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक क्षेत्रों का विकास किया जाना है। उन्होंने महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र को यह कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र अमरवाड़ा में 5 हेक्टेयर और जुन्नारदेव में 15 हेक्टेयर भूमि का चिन्हांकन कर लिए गया है, सांसद श्री साहू ने कलेक्टर श्री नारायन को यहां औद्योगिक क्षेत्र घोषित करने की कार्यवाही शीघ्र करने के लिए कहा।
सांसद निधि के अनुशंसित कार्य शीघ्र करें स्वीकृत
सांसद श्री साहू ने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि के अनुशंसित, लंबित और स्वीकृत कार्यों की कार्यवार प्रगति की समीक्षा की। बीते वर्ष के अनुशंसित कार्य अभी तक स्वीकृत नहीं होने पर जिला योजना अधिकारी पर नाराजगी जताई और प्रक्रिया का पालन करने हुए शीघ्र स्वीकृति के निर्देश दिए।
विद्युत के तारों को करें सुरक्षित
विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री को निर्देश दिए गए कि जिलेभर में असुरक्षित झूलते तारों को सुरक्षित कराया जाए। विशेषकर खेतों में झूलते तारों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष रूप से ध्यान दिया जाए। सांगाखेड़ा सब स्टेशन का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराएं। पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार प्रसार गांव - गांव तक किया जाए और लोगों को मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी दी जाए। पीएम जनमन अभियान के तहत पीवीटीजी ग्रामों में स्वीकृत विद्युतीकरण के सभी कार्य गति के साथ पूर्ण कराएं। जिन पंचायतों में अधिक बिल आने के कारण भुगतान नहीं किया जा रहा है, सचिव, सरपंच के साथ बैठक कर इसका हल निकालें । इसी तरह जिन ग्रामों में बिजली बिल जमा नहीं किया जा रहा है, वहां बिजली बिल जमा करने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करें और कोई हल निकालें। पर्याप्त अवसर देने और कोई हल न निकलने पर ही पूरे गांव की बिजली काटने पर विचार किया जाना चाहिए।
वी बी जीरामजी, जल संरक्षणों के निर्माण को दें प्राथमिकता
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की समीक्षा करते हुए सांसद श्री साहू ने वीबी जी राम जी के तहत जिले में 10 प्रकार के कार्यों के तहत स्वीकृत कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि इस योजना का क्रियान्वयन जिले में प्रभावी रूप से होना चाहिए। जल संरचनाओं के निर्माण को प्राथमिकता दें। श्रमिकों को मजदूरी का भुगतान समय पर सुनिश्चित कराया जाए। योजना के नए प्रावधानों के संबंध में पूरी जानकारी के लिए सभी जनपद सीईओ, सचिवों, जी आर एस और जनप्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाएं।
इन मुद्दों पर भी की चर्चा
बैठक में सांसद श्री साहू ने शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में रैन वॉटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं के निर्माण को प्रोत्साहित करने, वर्षा काल में जलमग्न पुल - पुलियों की सूची बनाने, पी एम जनमन और धरती आबा अभियान के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को गति और गुणवत्ता के साथ पूरा कराने, जल जीवन मिशन के कार्यों को गति के साथ पूरा कराने, पेयजल की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने जल स्रोतों की स्वच्छता और क्लोरिनेशन पर ध्यान देने, विवादित मामलों में पूरी जांच के बाद ही स्वामित्व योजना के तहत भू - स्वामी प्राधिकार पत्र देने, धरती आबा के तहत हुए ट्राइसाइकिल वितरण के संबंध में जांच प्रतिवेदन देने आदि के निर्देश भी दिए।
बैठक में अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह, परासिया विधायक सोहनलाल वाल्मीक, चौरई विधायक सुजीत सिंह चौधरी, नगर निगम महापौर विक्रम अहके, पूर्व विधायक पं.रमेश दुबे, टीकाराम चंद्रवंशी, अमित सक्सेना, लखन वर्मा सहित समिति के अशासकीय सदस्यगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर हरेंद्र नारायन, वनमण्डलाधिकारी साहिल गर्ग एवं स्वरूप दीक्षित, सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार सहित जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, सभी जनपद सीईओ एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।