कांग्रेस ने चुनाव आयोग आयुक्त को लेकर किया हल्ला बोल प्रदर्शन
राजनीति
30-Sep-26
कांग्रेस कार्यालय से निकली रैली, पहुंचे सैकड़ों कांग्रेसी
पुलिस चाकचौबंद व्यवस्था के बीच कलेक्ट्रेट पहुंचकर दिया ज्ञापन

छिन्दवाड़ा अपडेट
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी अभियान ने छिंदवाड़ा में भी दस्तक दी। जिला मुख्यालय के कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को सुबह से ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की गहमागहमी दिखाई दी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे के नेतृत्व में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन से कलेक्ट्रेट कार्यालय की ओर कूच किया। जिला अस्पताल, सिटी कोतवाली, महात्मा गांधी चौक, गर्ल्स कॉलेज, इंदिरा तिराहा से होते हुए अम्बेड़कर चौराहा से कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार और चुनाव आयुक्त के खिलाफ वोट चोरी जैसे नारे लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता का पुतला फूंका।
कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम प्रस्तुत ज्ञापन में कहा कि विश्व का सबसे विश्वसनीय और सबसे बड़ा निर्वाचन आयोग भारत का था, किन्तु भारत निर्वाचन आयोग के भीतर जारी गोलमाल के चलते मतदाताओं के वोटों की चोरी पुष्ट हो चुकी है, जिससे निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है। विगत 10 माह में दो निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू एवं विवेक जोशी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा लिए गए एकतरफा निर्णयों पर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्ति दर्ज की गई। इन आपत्तियों में बार-बार यह मुद्दा उठाया गया कि सीईसी द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया जिसमें अनाधिकृत रूप से नए मतदाताओं को जोड़ना, नामों को हटाना तथा निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली को दिल्ली में केन्द्रीकृत करना शामिल है। अतः कांग्रेस इस ज्ञापन के माध्यम से आग्रह करती है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का तत्काल इस्तीफा लिया जाए ताकि आगामी चुनाव पूर्ण निष्पक्षता के साथ सम्पन्न हो सके।
कांग्रेस के आयोजित प्रदर्शन में जिला कांग्रेस, शहर कांग्रेस, जिला महिला कांग्रेस, जिला युवक कांग्रेस, जिला किसान कांग्रेस, एनएसयूआई, ब्लॉक कांग्रेस, ग्रामीण कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ, कांग्रेस एसटी प्रकोष्ठ, कांग्रेस अल्पसंख्यक, कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, कांग्रेस झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ, कांग्रेस धार्मिक प्रकोष्ठ, कांग्रेस सांस्कृतिक प्रकोष्ठ, कांग्रेस जनसमस्या निवारण प्रकोष्ठ सहित कांग्रेस के समस्त विभाग, प्रकोष्ठ, अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारी व जिलेभर से आए कांग्रेस के पदाधिकारीगण, कार्यकर्तागण व बड़ी संख्या में आमजन प्रदर्शन में शामिल हुए।