डाक जीवन बीमा के लिए डायरेक्ट सेल्स एजेंटों का चयन 27 से 31 जुलाई तक
नौकरियां
03-Jul-26
वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से होगा चयन
छिन्दवाडा
बीमा क्षेत्र में काम करने के लिए इच्छुक बेरोजगारों के लिए अच्छी खबर है। डाक जीवन बीमा के लिए विभाग द्वारा डायरेक्ट सेल्स एजेंटों की नियुक्ति की जा रही है। डाकघर अधीक्षक ने बताया कि छिंदवाड़ा संभाग में डाक जीवन बीमा (पीएलआई) एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) के व्यवसाय अर्जन के लिये डायरेक्ट सेल्स एजेंटों का चयन किया जाएगा। इसके लिए 27 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक वॉक-इन-इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे।
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि एवं समय पर अपना आवेदन पत्र तथा बायोडाटा लेकर कार्यालय अधीक्षक डाकघर, छिंदवाड़ा संभाग(प्रधान डाकघर परिसर, जिला अस्पताल छिंदवाड़ा के सामने में उपस्थित हो सकते हैं। डायरेक्ट सेल्स एजेंट के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण या राज्य/केंद्रीय बोर्ड से समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अभ्यर्थी की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट भी प्रदान की जा सकती है। साथ ही अभ्यर्थी को कम्प्यूटर का ज्ञान एवं स्थानीय क्षेत्र की जानकारी होना आवश्यक है।
अधीक्षक डाकघर छिंदवाड़ा ने स्पष्ट किया है कि चयनित उम्मीदवारों को उनके कार्य के आधार पर इंसेंटिव दिया जाएगा। इस पद पर किसी प्रकार का निर्धारित मासिक वेतन देय नहीं होगा। आवेदन एवं अन्य जानकारी के लिए दूरभाष क्रमांक 07162-244139 तथा 9407056446 पर संपर्क किया जा सकता है।