प्रथम ज्योतिर्लिंग बाबा सोमनाथ का हुआ रुद्राभिषेक
छिंदवाड़ा
10-Aug-26
छिंदवाड़ा

सावन माह के दूसरे सोमवार के अवसर पर स्थानीय अनगढ़ हनुमान मंदिर में गुजरात में विराजमान प्रथम ज्योतिर्लिंग बाबा सोमनाथ जी का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया। परम पूज्य महामंडलेश्वर श्री नागेन्द्र ब्रह्मचारी जी के सानिध्य में विद्वान ब्राह्मणों द्वारा शाम 6 बजे से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया।
रुद्राभिषेक के दौरान देश की पावन नदियों एवं प्रमुख तीर्थों के जल से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे। ढोल-नगाड़ों और करतल ध्वनि के बीच श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भगवान शिव की आराधना की।
रुद्राभिषेक के पश्चात भगवान शिव की विधिवत आरती की गई और श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में सावन माह के दौरान प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 30 नर्मदेश्वर शिवलिंगों का अभिषेक भी किया जा रहा है। सावन के अवसर पर मंदिर में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की विशेष उपस्थिति देखने को मिल रही है।