सेवानिवृत्त डीएसपी केके वर्मा गिरफ्तार, भेजे गए जेल
क्राइम
23-Aug-26
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप

छिंदवाड़ा/सौंसर
सौंसर में पदस्थ रहे सेवानिवृत्त डीएसपी केके वर्मा के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को भोपाल स्थित उसके गांधी नगर निवास से गिरफ्तार कर शनिवार को सौंसर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार महिला ने सौंसर थाने पहुंचकर शिकायत में आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से 2023 के बीच आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। महिला का कहना है कि बाद में आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया। शिकायत में जातिगत टिप्पणी करने और धमकाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
बताया गया है कि वर्ष 2017 में सौंसर में पदस्थापना के दौरान महिला की एक प्रकरण के सिलसिले में तत्कालीन डीएसपी केके वर्मा से मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच संपर्क बना रहा। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, अप्राकृतिक कृत्य, धमकी तथा एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
सौंसर पुलिस ने की गिरफ्तारी
मामला दर्ज होने के बाद सौंसर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केके वर्मा को भोपाल के गांधी नगर स्थित निवास से गिरफ्तार किया। शनिवार को उन्हें सौंसर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया। केके वर्मा छिंदवाड़ा जिले के सौंसर के अलावा अजाक थाने सहित अन्य स्थानों पर भी पुलिस विभाग में पदस्थ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों से जुड़े साक्ष्यों तथा अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
नोट: मामले में लगाए गए आरोप महिला की शिकायत और पुलिस द्वारा दर्ज प्रकरण पर आधारित हैं। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान साक्ष्यों के आधार पर होगी।