रविवार को बारिश ने बढ़ाई ठंडक, किसानों ने ली राहत की सांस
कृषि जगत
13-Sep-26
जिले में अभी तक 723.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

छिन्दवाडा
रविवार को सुबह से छाए बादल आखिरकर दोपहर 2 बजे के बाद जमकर बरसे। आधा घंटे की बारिश ने पूरे जिले को तरबतर कर दिया तो वहीं वातावरण में ठंडक घोल दी। रविवार की बारिश के बाद जिले के किसानों ने राहत की सांस ली। दरअसल मक्का की फसल को इस समय पानी की बेहद आवश्यकता है और बारिश न होने की स्थिति में फसल पर सूखा का असर होने की संभावनाओं ने किसानों को चिंता में डाल दिया था।
अबतक बारिश की ये रही स्थितियां
जिले की सामान्य औसत वर्षा 1059 मि.मी. है तथा जिले में अभी तक 723.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 914.9 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई थी। जिले में 13 सितंबर 2026 को प्रातः 8 बजे समाप्त 24 घंटों के दौरान 8.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि 13 सितंबर को प्रातः 8 बजे समाप्त 24 घंटों के दौरान जिले की तहसील छिंदवाड़ा में 02, मोहखेड़ में 24.6, तामिया में 03, अमरवाड़ा में 23.2, चौरई में 01, हर्रई में 4.2, बिछुआ में 13.6, परासिया में 2.2 और चांद में 23.4 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि जिले में एक जून से अभी तक तहसील छिन्दवाड़ा में 411, मोहखेड़ में 524.5, तामिया में 965.2, अमरवाड़ा में 689.6, चौरई में 711.8, हर्रई में 1030.8, बिछुआ में 602.5, परासिया में 511.8, जुन्नारदेव में 740.6, चांद में 771.3 और उमरेठ में 879.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।