“हमारी आंगनवाड़ी हमारी जिम्मेदारी” के अंतर्गत दी जानकारी
छिंदवाड़ा
13-Sep-26
9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का हुआ आयोजन

छिन्दवाडा
9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत गत दिवस “हमारी आंगनवाड़ी हमारी जिम्मेदारी” थीम पर परियोजना छिंदवाड़ा शहरी द्वारा परियोजना स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी सहित समस्त पर्यवेक्षक उपस्थित थे। इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं समुदाय को पोषण के प्रति जागरूक करने, स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा बच्चों की वृद्धि एवं विकास की नियमित निगरानी से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए स्थानीय दालों, मिलेट्स एवं मौसमी सब्जियों से पौष्टिक नाश्ता एवं गर्म पका भोजन तैयार कर पोषण संबंधी जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त जन्म से 6 वर्ष तक के बच्चों का शारीरिक माप लेकर उनकी वृद्धि की निगरानी करने तथा आवश्यक जानकारी पोषण ट्रैकर में दर्ज किए जाने के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा बच्चों के बेहतर पोषण, स्वास्थ्य विकास एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।