बंद पडे बैंक खातों से लोगों को मिले सकेंगी उनकी जमा पूंजी
छिंदवाड़ा
23-Dec-25
कलेक्ट्रेट कार्यालय में सांसद ने ली जिला स्तरीय बैंकर्स समिति एवं जिला परामर्शदात्री समिति की बैठक
छिंदवाड़ा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुरूप आपकी पूंजी आपका अधिकार अभियान के तहत अब लोगों के बंद खातों में पड़ा हुआ पैसा आसानी से मिल सकेगा। लोगों को उनका पैसा उपलब्ध कराने के लिए बैंकों के माध्यम से कैंप और मीटिंग का आयोजन भी किया जायेगा। इसे लेकर सांसद बंटी विवेक साहू ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में लीड बैंकों के आधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि शीतकालीन सत्र के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सांसदों की बैठक लेकर लोगों का बैंकों में पड़ा पैसा उपलब्ध कराने के लिए सहयोग की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि कलेक्ट्रेट कार्यालय छिंदवाड़ा में बैंकों की योजनाओं की समीक्षा करने के लिए बैठक का आयोजन किया गया था। जिसमें प्रमुख लीड बैंकों के अधिकारी और मैनेजर सहित शासकीय विभागों के अधिकारी मौजूद थे। जिसमें सांसद बंटी विवेक साहू ने बैंकों के अधिकारियों को कहा है कि वे उनके बैंकों में बंद खातों में पड़ा हुआ रूपये लोगों को उपलब्ध कराने के लिए कैंप और बैठकों का आयोजन करे। जिसमें वे लोगों को रूपये निकालने की प्रक्रिया को बताते हुए उनसे शीघ्र अतिशीघ्र प्रक्रिया कराकर उन्हें उनके रूपये वापस करने की प्रक्रिया पूर्ण करें।
बैंकों में जमा है 58 करोड़ रूपये
कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान बैंकों के अधिकारियों ने सांसद बंटी विवेक साहू को बताया कि जिले की अलग-अलग बैंकों की शाखाओं में एक लाख बहात्तर हजार चार सौ पच्चीस बंद पड़े खातों में 58.66 करोड़ रूपये पड़ा हुआ है। जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुरूप आपकी पूंजी आपका अधिकार अभियान के तहत लोगों को वापस किया जायेगा। जिसे लेकर सांसद श्री साहू ने बैंक अधिकारियों को कैंप लगाने के साथ ही बैंकों में इन खाताधारकों को बुलाकर बैठक करने के निर्देश दिए है।
सांसद ने की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा
बैठक के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने जिले में संचालित केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। जिसमें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, केसीसी पशुपालन योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना सहित अन्य योजनाओं की अद्यतन स्थिति पर चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित बैंक अधिकारियों द्वारा अपने-अपने बैंक की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई तथा लक्ष्य प्राप्ति की जानकारी दी गई। सांसद श्री साहू ने बैंक अधिकारियों को वार्षिक लक्ष्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा छिंदवाड़ा जिले में शिक्षा ऋण को सरल एवं सुलभ बनाए जाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराकर उनके भविष्य को सशक्त बनाया जाना आवश्यक है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने सभी बैंकर्स को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करें तथा जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में सांसद श्री साहू द्वारा खाताधारकों को साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि बैंक शाखाओं द्वारा निरंतर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को डिजिटल लेन-देन में सतर्क रहने की जानकारी दी जाए। बैठक के अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) अजय दुआ ने आश्वासन दिया कि जिले के सभी बैंक निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करेंगे तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में कलेक्टर हरेंद्र नारायन सहित विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।