Home News Helpline Classified Jobs About Contact

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ छिंदवाड़ा के महाराजा का पटा पूजन

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ छिंदवाड़ा के महाराजा का पटा पूजन
छिंदवाड़ा
19-Jul-26
14वें वर्ष में दस दिवसीय उत्सव की तैयारियां शुरू

छिंदवाड़ा

आगामी गणेश उत्सव को लेकर शहर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। गणराज वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित छिंदवाड़ा के महाराजा के पटा पूजन का कार्यक्रम शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार, विधि-विधान और भव्य आरती के साथ श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर कलेक्ट्रे परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्तों ने सहभागिता कर भगवान गणेश के आगमन का स्वागत किया।

समिति के संस्थापक अमित राय और कोषाध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाराजा की प्रतिमा निर्माण से पूर्व पटा पूजन का आयोजन किया गया। गुप्त नवरात्रि की गणेश चतुर्थी एवं सर्वार्थ सिद्धि शुभ अमृत योग के अवसर पर स्थानीय पंचमुखी हनुमान मंदिर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में महाराजा के मुख्य पुजारी श्रवण कृष्ण शास्त्री ने भगवान गणेश के दिव्य पटा का पूजन एवं चांदी की प्रतिमा का अभिषेक कराया। समिति के सदस्य संदीप अग्निहोत्री और इमरत चक्रवर्ती ने बताया कि इस वर्ष छिंदवाड़ा के महाराजा अपने 14वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। इसके उपलक्ष्य में दस दिवसीय भव्य महामहोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। 

कार्यक्रम में छिंदवाड़ा-पांढुर्णा के सांसद बंटी विवेक साहू सपरिवार शामिल हुए और पटा पूजन कर भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं पंचमुखी हनुमान मंदिर जनकल्याण समिति के अध्यक्ष नरेंद्र साहू सहित सभी सदस्यों का आयोजन में विशेष सहयोग रहा।

समिति ने बताया कि इस वर्ष महाराजा की भव्य प्रतिमा का निर्माण शहर के सुप्रसिद्ध मूर्ति कलाकार अमन प्रजापति द्वारा किया जा रहा है। पटा पूजन के साथ ही गणेश उत्सव की तैयारियों का शुभारंभ माना जाता है। कार्यक्रम में महाराजा की लीजेंड लेडी ग्रुप की मातृशक्ति सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन कर आगामी गणेश उत्सव को हर्षाेल्लास के साथ मनाने का संकल्प लिया।
अंत में समिति के सदस्य राजेश साहू ने उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए सभी से आगामी दस दिवसीय दिव्य आयोजन में सहभागिता का आग्रह किया।
Share News On