रेल जनसंवाद कार्यक्रम में यात्रियों ने दिए बहुमूल्य सुझाव
छिंदवाड़ा
22-Oct-26
छिंदवाड़ा अपडेट

छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पर हाल ही में भारतीय रेलवे द्वारा रेल जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यात्रियों और क्षेत्रीय नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुनना और रेलवे सुविधाओं में सुधार के लिए सुझाव प्राप्त करना था।
इस विशेष जनसंवाद कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर से मुख्य विधि अधिकारी मनोज कुमार सिंह और नागपुर मंडल से एसीएमएस मैडम विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इनके साथ ही छिंदवाड़ा स्टेशन प्रबंधक हेमराज मीणा, एसीएम श्री रामटेके, डीआरयूसीसी सदस्य श्री शुक्ला और सतेंद्र ठाकुर भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
अधिकारियों ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और नागरिकों से आमने-सामने चर्चा की। इस दौरान स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। रेलवे स्टेशनों परिसर और ट्रेनों के भीतर साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर यात्रियों से फीडबैक लिया गया। अधिकारियों ने यात्रियों के सभी सुझावों को गंभीरता से नोट किया और रेलवे सेवाओं को यात्रियों के लिए और अधिक सुगम व आरामदायक बनाने का आश्वासन दिया।