लापरवाह इंजीनियर और सचिवों पर कार्रवाई के आदेश
छिंदवाड़ा
11-Mar-26
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने ग्रामीण विकास विभाग की बैठक में दिए निर्देश
छिन्दवाडा
ग्राम पंचायतों में सही तरीके से लेबर मैनेजमेंट नहीं करने वाले इंजीनियरों और सचिवों पर कार्रवाई के आदेश कलेक्टर ने ग्रामीण विकास विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में सांसद एवं विधायक निधि से स्वीकृत निर्माण कार्यों, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना तथा स्वच्छ भारत मिशन सहित ग्रामीण विकास से जुड़ी प्रमुख योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

मनरेगा के अंतर्गत लेबर बजट की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्च माह में लेबर बजट का लक्ष्य हर हाल में पूर्ण किया जाए। जुन्नारदेव विकासखंड में लेबर मैनेजमेंट की प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि जिन ग्राम पंचायतों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, वहाँ के संबंधित सब इंजीनियर एवं सचिवों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी मस्टर रोल 31 मार्च से पहले जारी करने के निर्देश भी दिए।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने सभी योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय-सीमा में पहुँचना चाहिए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत तामिया विकासखंड में चल रहे मुर्गी शेड निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष हितग्राहियों को शीघ्र प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा लंबित शेड निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में पातालकोट आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे मसालों एवं अन्य उत्पादों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देश दिए कि इन उत्पादों का उपयोग जिले के सभी शासकीय विद्यालयों के मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में किया जाए तथा प्रत्येक विकासखंड के आजीविका मार्ट में इन उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि स्वयं सहायता समूहों को स्थायी बाजार मिल सके और उनकी आय में वृद्धि हो।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री, सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक यंत्री, जिला पंचायत की विभिन्न शाखाओं के परियोजना अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।