सांसद बंटी विवेक साहू की पहल पर अब जिला अस्पताल में एमआरआई के रेट हुए कम
छिंदवाड़ा
13-Jan-26
अस्पताल में मरीजों को मिल सकेगा एमआरआई में कम शुल्क का लाभ
छिन्दवाड़ा।
सांसद बंटी विवेक साहू की पहल पर अब जिला अस्पताल छिन्दवाड़ा में होने वाली एमआरआई के शुल्क कम कर दिये गये है। एमआरआई का शुल्क कम होने से इसका सीधा लाभ मरीजों को मिल सकेगा। मरीजों और जनप्रतिनिधियों की मांग पर एमआरआई का शुल्क कम करने के लिए सांसद श्री साहू द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। मेडिकल कॉलेज छिन्दवाड़ा के डीन ने द्वारा अब एमआरआई के रेट कम कर दिए है।
सिर्फ 2 से 3 हजार रूपये में होगी एमआरआई
उल्लेखनीय है कि जिला चिकित्सालय छिन्दवाड़ा में शरीर के किसी अंग का एमआरआई करने पर पूर्व में 6 हजार से 9 हजार तक शुल्क लगता था जो कि रेट कम होने के बाद अब 2 हजार कर दिया गया है। इसी प्रकार एमआरआई कान्ट्रास्ट के लिए पहले 9 से 12 हजार तक का खर्च आता था जो कि अब 3 हजार कर दिया गया है। सांसद श्री साहू की पहल पर एमआरआई के रेट कम होने से इसका सीधा लाभ मरीजों को मिल सकेगा। एमआरआई का शुल्क कम करने का आदेश मेडिकल कॉलेज छिन्दवाड़ा के डीन द्वारा जारी कर दिया गया है। अब एमआरआई के रेट कम हो जाने से गरीब मरीजों के एमआरआई भी हो सकेंगे, जिससे उन्हें हुई जटिल बीमारी का पता समय पर डॉक्टरों को लग जाने से उनका सही और उचित उपचार हो सकेगा।
विदित हो कि छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले में सिर्फ छिन्दवाड़ा जिला चिकित्सालय में ही एमआरआई की सुविधा उपलब्ध है। यहा आने वाले गरीब एवं निर्धन मरीजों को अधिक शुल्क देकर एमआरआई करानी पड़ रही थी। कई बार रूपयों के अभाव में गरीब मरीजों की एमआरआई नहीं हो पा रही थी। जिसे लेकर मरीज और जनप्रतिनिधियों लगातार सांसद बंटी विवेक साहू से संपर्क कर एमआरआई का शुल्क कम करने की मांग कर रहे थे। सांसद श्री साहू ने मेडिकल कॉलेज के डीन सहित अन्य अधिकारियों से एमआरआई का शुल्क कम करने की चर्चा करते हुए उन्हें पत्र भी लिखे थे। सांसद श्री साहू के प्रयासों से ही अब एमआरआई का शुल्क कम कर दिया गया है। एमआरआई का शुल्क कम किए जाने पर जिले के आमजनों और भाजपा के जनप्रतिनिधियों द्वारा सांसद बंटी विवेक साहू का आभार व्यक्त किया गया है।