छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ एनएसयूआई नहीं करेगी बर्दाश्त
छिंदवाड़ा
21-May-26
नीट पेपर लीक मामले को लेकर कलेक्ट्रेट में सौंपा ज्ञापन
छिन्दवाड़ा
नीट पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई का भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर आक्रोश फूटा। उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर छात्रहित में विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा साथ ही दोषियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई के लिए मांग की। छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत ज्ञापन के माध्यम से कहा कि भाजपा की सरकार में छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकार में है जिसका नमूना हर साल पेपर लीक, परीक्षा में भ्रष्टाचार जैसे मामलों से सामने आता है।
पेपर लीक, भ्रष्टाचार और छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अपेक्षा सूर्यवंशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। पुलिस ग्राउंड से सैकड़ों पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान सम्पूर्ण मार्ग में नारा गूंजा घोटाले की निष्पक्ष जांच करो” दोषियों पर ठोस कार्रवाई करो। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और परीक्षा एजेंसियों के खिलाफ जमकर नारे लगाए। इस दौरान अपेक्षा सूर्यवंशी ने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थी दिन-रात मेहनत करके परीक्षा देते हैं, लेकिन भ्रष्ट व्यवस्था और पेपर माफियाओं के कारण मेहनती छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि छात्र-छात्राओं को न्याय नहीं मिला तो सड़क से सदन तक आंदोलन होगा और इसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि नीट सहित सभी राष्ट्रीय परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता लागू की जाए। पेपर लीक कराने वाले माफियाओं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो। परीक्षा प्रणाली की निष्पक्ष जांच कर छात्रों को न्याय दिया जाए। छात्रों के भविष्य के साथ राजनीति और भ्रष्टाचार बंद किया जाए। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री नैतिकता के आधार पर जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा दें।
ज्ञापन प्रस्तुत करते समय शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो, पप्पू यादव, एनएसयूआई कार्यकारी जिला अध्यक्ष राजू वाडिवा, सत्येंद्र अहिरवार शहर अध्यक्ष, छात्र नेता अर्पित तिवारी, अंकित चंद्रवंशी, विधानसभा अध्यक्ष अमरवाड़ा, फरहान खान, अरूण उइके विधायक प्रतिनिधि बिछुआ कॉलेज, नेहा वंशकार, आयान खान, सौरभ पाटिल, शिखर लोधी, तनय शर्मा, सुधीर नागरे, सूरज बिहारे, युवराज उइके, पंकज गोलाइत, ओम खारेटवाल, नोखेलाल सनोदिया, साहिल वंशकार, सागर चौधरी, क्रेश माहौर, गट्टू भाई, कासिम अली जी, सार्थक कोलारे एवं अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।