Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

शिक्षकों में चतुर्थ क्रमोन्नति हेतु आदेश जारी होने पर खुशी की लहर

शिक्षकों में चतुर्थ क्रमोन्नति हेतु आदेश जारी होने पर खुशी की लहर
छिंदवाड़ा
21-May-26
छिंदवाड़ा 

लोक शिक्षण संचालनालय एवं राज्य शासन द्वारा शिक्षक संवर्ग एवं राज्य शिक्षा सेवा संवर्ग को चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान स्वीकृत किया गया है । मध्यप्रदेश शिक्षक संघ की प्रदेश इकाई द्वारा इस संबंध में लगातार प्रयास किए जाते रहे । राज्य शासन के निर्देशानुसार सहायक शिक्षक, प्राथमिक शिक्षक, उच्च श्रेणी शिक्षक तथा माध्यमिक शिक्षक को 35 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर जिले में आदेश जारी कर चतुर्थ क्रमोन्नति वेतनमान प्रदान किए जाने संबंधी प्रक्रिया प्रारंभ किए जाने पर जिले के समस्त शिक्षक संवर्ग ने प्रसन्नता व्यक्त की है । प्रक्रिया प्रारंभ करने हेतु मध्यप्रदेश शिक्षक संघ, जिला इकाई छिंदवाड़ा द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी छिंदवाड़ा का धन्यवाद ज्ञापित किया गया है ।

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ द्वारा इस मुद्दे पर लगातार प्रयास किए जा रहे थे । जिला शिक्षा अधिकारी, छिंदवाड़ा द्वारा जारी आदेश के माध्यम से समस्त संकुल प्राचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में प्रस्ताव प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया है । इस सकारात्मक पहल से जिले के अनेक शिक्षकों को वर्षों से लंबित चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान का लाभ प्राप्त होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है ।

शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण हेतु जिला शिक्षा अधिकारी महोदय द्वारा संवेदनशीलता, गंभीरता एवं त्वरित कार्यवाही का परिचय दिया गया है, जो अत्यंत सराहनीय है । यह निर्णय शिक्षक हित में एक महत्वपूर्ण कदम है तथा इससे शिक्षकों के मनोबल में वृद्धि होगी । संघ ने समस्त शिक्षक साथियों से भी अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेज एवं प्रस्ताव निर्धारित समयावधि में प्रस्तुत कर प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें ।

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ, जिला इकाई छिंदवाड़ा ने जिला शिक्षा अधिकारी सहित समस्त संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए आशा जताई है कि भविष्य में भी शिक्षकों के हित एवं समस्याओं के समाधान हेतु इसी प्रकार सकारात्मक एवं संवेदनशील कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी ।
Share News On