Home News Helpline Classified Jobs About Contact

नवआरक्षकों को तनाव, चिंता एवं अवसाद के लक्षणों और बचाव की दी जानकारी

नवआरक्षकों को तनाव, चिंता एवं अवसाद के लक्षणों और बचाव की दी जानकारी
छिंदवाड़ा
23-Nov-26
पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार आयोजित

छिन्दवाडा अपडेट

पुलिस ट्रेनिंग स्कूल, 8वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, छिंदवाड़ा में सोमवार को छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सिम्स) के सहयोग से मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सेनानी, 8वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल श्रीमती निवेदिता गुप्ता (भारतीय पुलिस सेवा) के मार्गदर्शन एवं उप सेनानी श्री अरुण कश्यप के निर्देशन में आयोजित हुआ।

सेमिनार में मनोचिकित्सक डॉ. तुषार ताल्हन एवं डॉ. पूजा धुर्वे तथा नर्सिंग ऑफिसर सुश्री रूपाली उपस्थित थी। विशेषज्ञों ने प्रशिक्षणरत नवआरक्षकों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव, चिंता, अवसाद एवं अन्य मानसिक समस्याओं के लक्षणों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।

इस दौरान बताया गया कि मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित दिनचर्या, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार, व्यायाम एवं सकारात्मक सोच आवश्यक हैं। विशेषज्ञों ने कहा कि मानसिक समस्याएं किसी भी व्यक्ति को हो सकती हैं। इन्हें कमजोरी या सामाजिक कलंक नहीं समझना चाहिए। समय पर उचित चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार से इन समस्याओं का समाधान संभव है।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि मनोचिकित्सकों द्वारा सभी नवआरक्षकों के साथ व्यक्तिगत रूप से वन-टू-वन काउंसलिंग सेशन आयोजित किए गए। इस दौरान उनकी समस्याओं एवं मानसिक स्थिति के अनुरूप आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। इस अवसर पर सहायक सेनानी श्री गौरव पाटिल, सीडीआई श्री रविंद्र उइके, निरीक्षक श्री शकील अहमद, निरीक्षक श्री रामचंद्र धनगर, निरीक्षक श्री मनोज गोलिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में चिकित्सकीय टीम एवं छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Share News On