गर्ल्स कॉलेज में संपन्न होगी योग और ध्यान पर राष्ट्रीय कार्यशाला
छिंदवाड़ा
16-Feb-26
छिंदवाड़ा
वर्तमान की तनाव और भागदौड़ भरी जीवनशैली में शांति, आनंद और सुखपूर्ण जीवन जीने की कला को साध्य करने के उद्देश्य से स्थानीय राजमाता सिंधिया शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रायोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन 24 एवं 25 फरवरी को किया जा रहा है।

इस संबंध में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अस्मिता मुंजे के मार्गदर्शन में आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई। कार्यशाला समन्वयक डॉ. अजय सिंह ठाकुर ने बताया कि इस कार्यशाला में देश के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिष्ठित विशेषज्ञ वक्तागण जिनमें डॉ. कामता प्रसाद साहू, देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार,अनिल कांबले राज्य आनंद संस्थान, डॉ. विकास कुमार साहू, आर्ट ऑफ लिविंग, सुधीर जदवानी, सहजयोग नेशनल ट्रस्ट आदि मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
संयोजक डॉ. विजय कलमधार ने बताया कि कार्यशाला में आधुनिक प्रतिस्पर्धात्मक एवं दबावयुक्त जीवनशैली में स्वयं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाए रखने के उपायों पर विस्तृत चर्चा प्रयोगात्मक सत्रों के माध्यम से की जाएगी। साथ ही गतिविधि-आधारित सत्रों में प्रतिभागियों को योग एवं ध्यान की विभिन्न क्रियाओं का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी किया जाएगा। सचिव डॉ. वैशाली गुप्ता ने सभी सत्रों के क्रमबद्ध आयोजन एवं संचालन की रूपरेखा प्रस्तुत की।
प्राचार्य डॉ. अस्मिता मुंजे ने अधिक से अधिक सहभागियों को इस आयोजन का लाभ लेने का आग्रह किया है। इस अवसर पर आयोजन समिति से डॉ. अनीता कौशल, डॉ. उषा भारती, प्रो. सीताराम शर्मा, प्रो. सुरेश कुमार बाटड़, डॉ. नीलिमा बागड़े, डॉ. अर्चना मैथ्यू, प्रो. पंकज पाठक, डॉ. प्रशांत बेलवंशी, डॉ. सिंपल पाटिल, डॉ सुरेश अहिरवार प्रो. बिंदिया महोबिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।