नकुलनाथ कल पांढुर्ना में किसान आंदोलन का करेंगे नेतृत्व
छिंदवाड़ा
20-Dec-25
मक्का व कपास के समर्थन मूल्य को लेकर कांग्रेस का आंदोलन
छिन्दवाड़ा
किसान आंदोलन को लेकर कांग्रेस एक बार फिर मुखर हो रही है। किसानों की समस्याओं और समर्थन मूल्य को लेकर पांढुर्णा में बड़े आंदोलन की घोषणा की गई है। इस आंदोलन का नेतृत्व पूर्व सांसद नकुलनाथ करेंगे। पांढुर्ना जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जतन उइके ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि भाजपा सरकार की किसान विरोधी मानसिकता ने जिले के किसानों को कंगाली की कगार पर खड़ा कर दिया है। फसलों का उचित मूल्य प्राप्त नहीं होने के कारण किसान अपनी लगात भी नहीं निकाल पा रहा। सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिलना सामान्य समस्या बन चुकी है जिससे जिले का प्रत्येक किसान जूझ रहा है। ऐसी ही तमाम समस्याओं के निराकरण के लिए दिनांक 22 दिसम्बर 2025 दिन सोमवार दोपहर 12 बजे पांढुर्ना के तीन शेर चौक पर विशाल किसान आंदोलन का आयोजन किया गया है। आयोजित आंदोलन का नेतृत्व माननीय नकुलनाथ जी करेंगे। उनके नेतृत्व में किसान भाई और कांग्रेस परिवार प्रदेश की तानाशाह सोई हुई भाजपा सरकार को जगाएगी, ताकि व किसानों के दुख, दर्द व परेशानियों को सुन सके।
तीन शेर चौक से निकलेगी किसान रैली
श्री उइके ने आगे कहा कि तीन शेर चौक पर आयोजित आंदोलन के उपरांत यहां से किसान, कांग्रेस व आमजन रैली के रूप में निकलेंगे और शिवाजी चौक होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी मांगों का ज्ञापन प्रस्तुत कर अविलम्ब निराकरण की मांग करेंगे। उन्होंने पांढुर्ना जिले के समस्त किसान भाइयों, युवाओं, माताओं व बहनों सहित कांग्रेस परिवार के समस्त सदस्यों से उक्त आंदोलन में सम्मिलित होने का आग्रह किया है।
आज कांग्रेस गांधी चौक पर करेगी विरोध प्रदर्शन
महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना का नाम बदलकर “वीबी” विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) किए जाने के विरोध में आज दिनांक 21 दिसम्बर 2025 दिन रविवार को दोपहर 1.30 बजे महात्मा गांधी चौक (फव्वारा चौक) में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजित विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में कांग्रेस के समस्त विभाग, प्रकोष्ठ व अनुसांगिक संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण सम्मिलित रहेंगे।