इंजन खराबी के चलते नकुलनाथ का विमान नहीं भर सका उड़ान
छिंदवाड़ा
11-Aug-26
पायलट ने समय रहते रोकी उड़ान, विमान में सवार थे नकुलनाथ और हरीश चौधरी

छिंदवाड़ा
पूर्व सांसद नकुलनाथ और मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी को भोपाल लेकर जाने वाला विमान इंजन में तकनीकी खराबी के चलते उड़ान नहीं भर पाया। विमान के इंजन में प्रारंभ होने के कुछ समय बाद ही समस्या आने के संकेत पायलट को मिले। पायलट ने इस बात की जानकारी विमान में सवार नेताद्वय को दी और बताया कि ऐसे हालात में विमान नहीं उड़ पाएगा।
जानकारी के अनुसार, भोपाल में आयोजित कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए नकुलनाथ और हरीश चौधरी मंगलवार सुबह छिंदवाड़ा एयर स्ट्रिप पहुंचे थे। दोनों नेता निर्धारित विमान में सवार हुए और विमान को उड़ान के लिए तैयार किया गया। इंजन स्टार्ट होने के बाद तकनीकी समस्या के संकेत मिलने पर पायलट ने सतर्कता बरतते हुए विमान को उड़ाने से रोक दिया। इसके बाद नकुलनाथ, हरीश चौधरी और विमान में मौजूद अन्य स्टाफ को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी सड़क मार्ग से भोपाल के लिए रवाना हुए, जबकि पूर्व सांसद नकुलनाथ नागपुर के लिए रवाना हो गए।