नगर निगम बजट: जनता को राहत, कचरा शुल्क हुआ आधा
छिंदवाड़ा
17-Mar-26
छिंदवाड़ा
मंगलवार को एमआईसी की बैठक महापौर विक्रम अहके की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 2026-27 के बजट सहित 15 प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में जो सबसे बड़ा निर्णय लिया गया जिससे नगर निगम की जनता ने राहत की सांस ली है वो है कचरा शुल्क जिसे आधा कर दिया गया है। पहले 1200 रूपए लिया जा रहा था जिसका कांग्रेस ने पुरजोर विरोध किया था साथ ही जनता में भी नाराजगी का माहौल था जिसे कम कर 600 रूपए कर दिया गया है।
305 करोड़ के बजट में लाभ 15000 रूपए
नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 97 के तहत तैयार किया गया यह बजट निगम की अच्छी स्थिति को दर्शा रहा है। 305 करोड़ के अनुमानित बजट में 15 हजार रूपए का लाभ भी दर्शाया गया है। इसके अलावा अनेक नए निर्माण कार्य जिसमें सड़क, भवन, पार्क सहित निगम कर्मचारियों के हितों का भी ध्यान रखा गया है।
इन्हें मिली स्वीकृति
बस टर्मिनल, कमिर्शयल कॉम्पलेक्स, इंटीग्रेटेड टाउनशिप, वार्ड 43 में परासिया रोड से मोहन नगर तक डामरीकरण, सोनपुर में सामुदायिक भवन एवं पार्क, एमएलबी स्कूल के सामने स्थित पार्क में देवी अहिल्या बाई होलकर की प्रतिमा स्थापना, सिविल लाईन पार्क का नाम स्मृति साहित्य वाटिका के अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 138 आवेदनों की स्वीकृत सूची कलेक्टर को भेजने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा नगर निगम के रिक्त पदों पर रोस्टर प्रणाली के अनुसार कर्मचारियों को पदोन्नति एवं नियमितिकरण की प्रक्रिया शुरू करने की भी स्वीकृति दे दी गई है। लोक स्वाथ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री ईश्वर सिंह चंदेली की प्रतिनियुक्ति को भी हरी झंडी दी गई है।