24 से 29 मार्च तक भगवान शिव आराधन में जानिए शवत्व से शिवतत्व
छिंदवाड़ा
18-Mar-26
शिव कथाओं के माध्यम से मिलेगा अंर्तमन को जानने का अवसर
छिंदवाड़ा
जय हो फाउंडेशन एवं दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में जिले की पावन धरा पर आयोजित होने जा रहे भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम “भगवान शिव आराधन” (“शवत्व से शिवत्व की ओर”) के संबंध में एक निजी होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस अवसर पर दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से परम पूज्य दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी के शिष्य स्वामी शारदानंद एवं यशवीर जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम के आध्यात्मिक महत्व एवं इसके माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जय हो फाउंडेशन के अध्यक्ष तरुण तिवारी, रामकुमार चंदेरी, एडवोकेट अपर्णा मिश्रा, एडवोकेट कीर्ति तिवारी, शुभम शर्मा, अंकित शर्मा, इंद्रपाल रघुवंशी सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 24 मार्च मंगलवार को मंगल कलश यात्रा से कार्यक्रम प्रारंभ होगा। 25 मार्च बुधवार को भगवान शिव का अद्भुत श्रृंगार किया जाएगा। 26 मार्च गुरुवार को भगवान शिव के दिव्य नामों का महात्म्य, 27 मार्च शुक्रवार भक्त कन्नप्पा की शिव भक्ति, 28 मार्च शनिवार को देवी पार्वती की तपस्या एवं शिव-शक्ति विवाह, 29 मार्च रविवार को भगवान शिव द्वारा गुरु-गीता का तत्व ज्ञान की कथाओं का वाचन होगा। उन्होंने जानकारी दी कि योग एवं मार्शल आर्ट एक्सपर्ट एडवोकेट अपर्णा मिश्रा द्वारा प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 7 बजे तक निःशुल्क योग क्लास और सायं 4 बजे से 7 बजे तक दिव्य सत्संग किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले शिव आराधन कार्यक्रमों की श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है। स्वामी शारदानंद जी ने कहा कि आज के समय में व्यक्ति को आंतरिक शांति और आत्मिक उन्नति की आवश्यकता है, और ऐसे आयोजन उसे नकारात्मकता (शवत्व) से दिव्यता (शिवत्व) की ओर अग्रसर करते हैं। अंत में श्री तरुण तिवारी ने समस्त पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से इस दिव्य आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने का आग्रह किया।