श्रीमती सीमा दीपक कोल्हे को मिली पीएचडी की उपाधि
शिक्षा
24-Nov-26
छिंदवाड़ा अपडेट

शासकीय राजमाता सिंधिया गर्ल्स कॉलेज में जनभागीदारी के अंतर्गत सहायक ग्रंथपाल के पद पर कार्यरत श्रीमती सीमा दीपक कोल्हे को मानसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी (सीहोर, भोपाल) के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग द्वारा डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि प्रदान की गई है।
श्रीमती कोल्हे ने अपना शोध कार्य मध्य प्रदेश में मानव अधिकारों को बढ़ावा देने एवं सूचना संसाधनों के रूप में पुस्तकालयों का तुलनात्मक अध्ययन (छिंदवाड़ा के संदर्भ में) विषय पर पूर्ण किया है। उन्होंने यह शोध विश्वविद्यालय के शोध निर्देशक डॉ. शाहीना सुल्ताना खान एवं डॉ. असलम खान के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न किया। अपनी इस सफलता का श्रेय उन्होंने अपने गुरुजनों एवं परिजनों के निरंतर सहयोग को दिया है।
प्रतिष्ठित उपाधि प्राप्त होने पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। श्री यादव ने इस उपलब्धि को श्रीमती सीमा कोल्हे की लगन, परिश्रम, समर्पण एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता का गौरवपूर्ण परिणाम बताते हुए कहा कि पीएचडी की उपाधि प्राप्त करना न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि परिवार और समाज के लिए भी गर्व एवं प्रेरणा का विषय है। उनकी यह सफलता शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की आकांक्षा रखने वाली महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उल्लेखनीय है कि श्रीमती सीमा कोल्हे, भाजपा आईटी विभाग के जिला संयोजक दीपक कोल्हे की धर्मपत्नी हैं।