मोगली बाल उत्सव: प्रश्न का जवाब देने में विद्यार्थियों को छूटा पसीना
छिंदवाड़ा
13-Sep-25
सांदीपनि स्कूल गुरैया में हुआ जिला स्तरीय आयोजन
छिंदवाड़ा
स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में शासकीय सांदीपनि विद्यालय गुरैया, छिंदवाड़ा में जिला स्तरीय मोगली बाल उत्सव प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा जिले के समस्त नौ विकास खंडों की टीमों ने भाग लिया। आयोजन को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी जी.एस.बघेल ने कहा, कि मोगली उत्सव विद्यार्थियों में वन,पर्यावरण एवं वन्यजीवों के प्रति संवेदना जागृत करने के लिए प्रतिवर्ष मनाया जाता है। इस उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को तीन दिवसीय पेंच राष्ट्रीय उद्यान के भ्रमण का अवसर प्राप्त होता है। वे जंगल में जाते हैं और जीवन के बहुत सारे अनुभव साथ में बटोर कर लाते हैं।

शास. सांदीपनि विद्यालय गुरैया के प्राचार्य अब्दुल हक खान ने सबका स्वागत करते हुए आयोजन का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। अत्यंत आकर्षक और रोचक अंदाज में जिले के क्विज मास्टर धीरेंद्र दुबे ने विद्यार्थियों से वन्यजीवों और वनों पर आधारित प्रश्न पूछे। शा. उ. मा. विद्यालय मानकादेही के प्राचार्य अनिल नासेरी,इको क्लब के मास्टर ट्रेनर विनोद तिवारी और सुशील चौरसिया ने आयोजन को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया। ऑडियो विजुअल क्विज का संचालन राजेश मंडराह और शाहिद अंसारी ने किया। स्कोरर जितेंद्र अग्रवाल ने स्कोरिंग की और दीपक साहू ने समय निर्धारण में अपना विशेष योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन मनीषा श्रीवास्तव और रश्मि शर्मा ने किया।
ये रहे विजेता
सांदीपनि विद्यालय गुरैया के विद्यार्थियों ने छिंदवाड़ा जिले के विभिन्न अंचलों से आए विद्यार्थियों का बड़ी आत्मीयता के साथ स्वागत किया और उनके आगमन के पूरे मार्ग पर पुष्प वर्षा की। जिले के विभिन्न विकास खंडों से आए विद्यार्थी ऐसे स्वागत को देखकर भाव विभोर भोर हो गए। विद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में प्रवेश करते समय प्रत्येक विद्यार्थी को स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए गए। प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान पर हर्रई विकासखंड के दिव्या साहू और रुद्र कुमार मरावी ने विजेता होने का गौरव प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर जुन्नारदेव विकासखंड के आदर्श बारंगे और आलिया खान रहे। तृतीय स्थान छिंदवाड़ा विकासखंड के देवांश वस्त्राणे और मीनाक्षी बघेल ने प्राप्त किया। वहीं वरिष्ठ वर्ग में विजेता होने का गौरव परासिया विकासखंड के जयपाल परतेती और अंकिता सूर्यवंशी ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर छिंदवाड़ा विकासखंड के हिमानी सूर्यवंशी और भावेश वर्मा रहे। तृतीय स्थान संयुक्त रूप से मोहखेड़ विकासखंड के प्रवीर सांधेलिया और देवयानी गागड़े तथा चौरई विकासखंड के चंदन वर्मा और दिशा वर्मा ने प्राप्त किया।