Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

छिंदवाड़ा में मोहर्रम की शुरुआत: कर्बला चौक पर अखाड़ा समिति ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

छिंदवाड़ा में मोहर्रम की शुरुआत: कर्बला चौक पर अखाड़ा समिति ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
छिंदवाड़ा
05-Jul-25
पुलिस प्रशासन ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

छिंदवाड़ा

मोहर्रम पर्व की शुरुआत के साथ ही जिले में धार्मिक उत्सवों का माहौल बन गया है। इस अवसर पर कलेक्टर शीलेंद्र सिंह के निर्देश पर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। 5 और 6 जुलाई को निकाले जाने वाले जुलूस और ताजिया विसर्जन के कार्यक्रमों की निगरानी के लिए जिलेभर में 24 अधिकारियों की तैनाती की गई है। इन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे कार्यक्रम की शुरुआत से समापन तक मौके पर मौजूद रहें और पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखें।


कर्बला चौक बना आकर्षण का केंद्र

शुक्रवार देर रात शहर के कर्बला चौक पर पारंपरिक अखाड़े का आयोजन हुआ, जिसमें छिंदवाड़ा शहर सहित आसपास के क्षेत्रों और सिवनी से आई टीमों ने भाग लिया। इन टीमों ने लाठी, तलवार, चकरी सहित अन्य पारंपरिक हथियारों का इस्तेमाल कर हैरतअंगेज करतब दिखाए। दर्शकों की भारी भीड़ इस प्रदर्शन को देखने के लिए जमा रही।

प्रशासनिक जिम्मेदारियां तय

अतिरिक्त कलेक्टर अंकिता त्रिपाठी ने जानकारी दी कि जिले के छिंदवाड़ा, अमरवाड़ा, परासिया, चौरई और जुन्नारदेव क्षेत्र के सभी थानों और पुलिस चौकियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इन क्षेत्रों में एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न हो सके।
Share News On