यातायात नियमों के पालन और साइबर अपराधों से सतर्क रहने दिया संदेश
छिंदवाड़ा
31-Oct-26
ट्रैफिक एंड रोड सेफ्टी अवेयरनेस फाउंडेशन ने संत आसाराम गुरुकुल में किया कार्यक्रम

छिंदवाड़ा अपडेट
ट्रैफिक एंड रोड सेफ्टी अवेयरनेस फाउंडेशन द्वारा श्री संत आसारामजी गुरुकुल, छिंदवाड़ा में “सड़क सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व के साथ-साथ तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।
यातायात नियम जीवन की सुरक्षा के लिए हैं: ट्रैफिक टीआई संदीप सुनेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रैफिक टीआई संदीप सुनेश जी ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करना और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
सड़क पर अनुशासन ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम: सूबेदार लोहित शेंडे
ट्रैफिक सूबेदार लोहित शेंडे जी ने विद्यार्थियों को सड़क पार करने, ट्रैफिक सिग्नल एवं संकेतों को समझने, ज़ेब्रा क्रॉसिंग के उपयोग और वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस अथवा यातायात विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। सड़क का उपयोग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने विद्यार्थियों को कम उम्र में वाहन न चलाने तथा अपने अभिभावकों को भी हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
अनजान लिंक और व्यक्तिगत जानकारी किसी से साझा न करें: साइबर टीआई कंचन राजपूत
साइबर टीआई श्रीमती कंचन राजपूत जी ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग जितना उपयोगी है, उतना ही सावधानीपूर्वक इसका इस्तेमाल करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनजान व्यक्ति को बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने तथा सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सतर्क रहने की समझाइश दी। उन्होंने ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा तथा साइबर अपराध होने पर तुरंत जिम्मेदार व्यक्ति एवं संबंधित विभाग को सूचना देने के संबंध में भी जानकारी दी। अंकित शर्मा जी ने भी विद्यार्थियों से संवाद करते हुए साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से मोबाइल एवं सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी अपने माता-पिता अथवा शिक्षक को तुरंत देने की अपील की।
सड़क सुरक्षा को जन-आंदोलन बनाना हमारा उद्देश्य: अध्यक्ष अमोल डबली
ट्रैफिक एंड रोड सेफ्टी अवेयरनेस फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री अमोल डबली जी ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि ज्त्ैथ् लगातार समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों के बीच सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि सड़क सुरक्षा केवल एक अभियान या कार्यक्रम तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक नागरिक के व्यवहार और संस्कार का हिस्सा बने। बच्चों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जा सकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति और यातायात संकेतों का पालन करे तो बड़ी संख्या में सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली जनहानि को रोका जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे आज से स्वयं को “रोड सेफ्टी एम्बेसडर” मानते हुए अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें।
विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित जानकारियों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों से संवाद भी किया। यातायात एवं साइबर अधिकारियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें दैनिक जीवन में अपनाई जा सकने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में ट्रैफिक एंड रोड सेफ्टी अवेयरनेस फाउंडेशन की ओर से कल्पेश पटेल, अजय पालीवाल, योगेश पटेल जी, उमाशंकर साहू, श्रीमती संगीता रोचवानी, रोहित सूर्यवंशी, पप्पू महोरे, आनंद बाजपेयी एवं सौरभ साहू सहित संस्था के सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय की ओर से संचालिका मैडम, प्राचार्य मैडम, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की संचालिका मैडम द्वारा उपस्थित यातायात एवं साइबर पुलिस अधिकारियों तथा ट्रैफिक एंड रोड सेफ्टी अवेयरनेस फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।