Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

देवगढ़ में सबसे ज्यादा 11 होम स्टे शुरू

देवगढ़ में सबसे ज्यादा 11 होम स्टे शुरू
छिंदवाड़ा
19-Sep-25
ग्रामीण परिवेश आधारित पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

छिंदवाड़ा

देवगढ़ गांव प्राकृतिक संपदा से भरपूर है, यहां पर ऐतिहासिक किला है और मनभावन संतरे के बगीचे, नदियां, पहाड़, पशु-पक्षी सब है, जो पर्यटकों को यहां खींच कर ला सकते हैं। अब यहां रूकने व खाने की बेहतर व्यवस्थाएं हैं, सो सारे ग्रामीण मिलकर पर्यटकों से बेहतरीन व्यवहार करें, इससे गांव भी आत्मनिर्भर होगा। उक्ताशय के विचार कलेक्टर श्री शीलेंद्र सिंह ने देवगढ़ में बने आठ नए होम स्टे के लोकार्पण अवसर पर व्यक्त किए। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड ने संस्था बैक टू विलेज के साथ मिलकर पर्यटन ग्राम देवगढ़ में यह होम स्टे बनाए हैं, जो अब महाराष्ट्र व देश के अन्य प्रदेशों के पर्यटकों को लुभा रहे हैं। बाजे-गाजे और उत्साह के साथ हुए होम स्टे लोकार्पण समारोह में एसडीएम श्री सुधीर जैन, डीएटीसीसी के नोडल अधिकारी श्री बलराम राजपूत, पर्यटन प्रबंधक श्री गिरीश लालवानी, पुरातत्व विभाग के प्रतिनिधि श्री सुमित कुमार सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
 
लोकार्पण समारोह में कलेक्टर श्री  सिंह ने ग्रामीणों की मांग पर गांव में विकास कार्यों की स्वीकृति दी। उन्होंने बताया कि देवगढ़ किले तक पहुंच मार्ग पर सडक़, पानी और बिजली पहुंचाने का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जा चुका है, जो जल्द ही मंजूर होगा। साथ ही बारिश के बाद पुरातत्व विभाग द्वारा देवगढ़ किले  का मरम्मत कार्य भी किया जाएगा। यहां उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के सहयोग से देवगढ़ में 12 होम स्टे स्वीकृत हैं, इसमें से अब 11 होम स्टे शुरू हो चुके हैं।    

कलेक्टर श्री सिंह ने खरीदे शोपीस, किया नगद भुगतान - देवगढ़ होम स्टे के लोकार्पण अवसर पर होम स्टे संचालकों ने बांस से बना एक बहुत ही सुंदर शोपीस कलेक्टर श्री सिंह को भेंट किया। इस अवसर पर बांस से ही बने मनमोहक अन्य शोपीस भी उन्हें दिखाए गए। कलेक्टर श्री सिंह को शोपीस इतने भा गए कि उन्होंने तत्काल नगद भुगतान करके दो शोपीस खरीद लिए।

Share News On