विद्यार्थियों से गाली-गलौच करने वाली कुंडालीकला की शिक्षिका निलंबित
शिक्षा
08-Aug-26
कुछ दिनों पूर्व नाराज बच्चों ने की थी अभिभावकों से शिकायत
मामला संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग तक पहुंचा

छिन्दवाडा
संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग द्वारा विकासखंड परासिया के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुण्डालीकला की माध्यमिक शिक्षिका श्रीमती भावना शर्मा को विद्यालय के छात्र-छात्राओं को प्रताड़ित करने, गाली-गलौच करने और विद्यालय में उपस्थिति अनियमित होने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पटपड़ा मंडल अध्यक्ष ने की शिकायत
संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग ने बताया कि जिले के विकासखंड परासिया के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुण्डालीकला की माध्यमिक शिक्षिका श्रीमती भावना शर्मा के विरूद्ध छात्र-छात्राओं को प्रताड़ित करने, उनके साथ अश्लील बाते करने, उनको गंदी-गंदी गालियां देने, जूते चप्पल से मारने की धमकी देने एवं कुत्ते के बच्चे जैसे शब्दों से संबोधित करने की शिकायत मण्डल अध्यक्ष, ग्रामीण मंडल पटपड़ा परासिया के द्वारा शिकायत की गई।
सीएम हेल्पलाईन में की गई थी शिकायत
माध्यमिक शिक्षिका श्रीमती शर्मा के द्वारा सी.एम. हेल्पलाईन में दर्ज शिकायत क्रमांक 31151958, दिनांक 26 फरवरी 2025 की जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कराई गई जांच में माध्यमिक शिक्षिका श्रीमती शर्मा की विद्यालय में उपस्थिति अंनियमित, मनमर्जी तथा संस्था प्रमुख के नियंत्रण से बाहर पाई गई। माध्यमिक शिक्षिका श्रीमती शर्मा की शालेय स्तर के कार्यक्रमों में सहभागिता मनमर्जी के कारण नहीं होना पाया गया। सोशल मीडिया (व्हाट्स एप स्टेटस) में सहकर्मी शिक्षिकाओं के चरित्र हनन की आंशिक रूप से पुष्टि होना पाया गया। माध्यमिक शिक्षिका श्रीमती शर्मा के द्वारा बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु हतोत्साहित किया जाना पाया गया। जनप्रतिनिधि, ग्रामीणों से माध्यमिक शिक्षिका श्रीमती शर्मा का व्यवहार ठीक नहीं पाया गया।
मोहखेड़ में किया गया अटैच
माध्यमिक शिक्षिका श्रीमती शर्मा नियम 1966 के नियम 9 (1) में दिये गये प्रावधानों के तहत शासकीय सेवा से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में माध्यमिक शिक्षिका श्रीमती शर्मा का मुख्यालय कार्यालय विकास खंड शिक्षा अधिकारी मोहखेड़ नियत किया गया है। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।