Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

सिद्ध सिमरिया धाम में कमलनाथ व नकुलनाथ ने की पूजा अर्चना व अभिषेक

सिद्ध सिमरिया धाम में कमलनाथ व नकुलनाथ ने की पूजा अर्चना व अभिषेक
छिंदवाड़ा
02-Apr-26
छिन्दवाड़ा

मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम के परम भक्त श्री हनुमान जी महाराज के जन्मोत्सव पर मारुति नंदन सेवा समिति सिद्ध सिमरिया धाम के तत्वावधान में पूजन अर्चन के कार्यक्रम हुये जिनमें हनुमान भक्त कमलनाथ व नकुलनाथ भी सम्मिलित हुये। वीर हनुमान की भक्ति में लीन हुये। सर्वप्रथम सिद्ध सिमरिया धाम पहुंचकर हनुमान जी महाराज के श्री चरणों में माथा टेककर सर्वकल्याण के लिये प्रार्थना की। मंदिर परिसर में विराजमान प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की आराधना की।

पावन सिमरिया धाम पहुंचे कमलनाथ व  नकुलनाथ ने प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की आराधना कर गर्भगृह में विराजमान शिव पार्वती, राम दरबार, लक्ष्मी नारायण, देवी दुर्गा की विधि विधान से पूजा अर्चना की। अजर-अमर रामभक्त, अष्ट सिद्धी नौ निधि के दाता परमवीर श्री हनुमान जी महाराज के जन्मोत्सव पर विधि विधान से पूजन अर्चन व वैदिक मंत्रोचार के साथ अभिषेक कर देश, प्रदेश, छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिलेवासियों व नगरवासियों के लिए स्वास्थ्य जीवन, निरोगी काया व उन्नति की कामना की। संकट मोचन से सुख, शांति व समृद्धि मांगी। किसानों के लिए सम्पन्नता व युवाओं के लिए सुनहरे भविष्य के लिए हनुमान जी महाराज से प्रार्थना की।

गौरतलब है कि पूर्व सीएम कमलनाथ व पूर्व सांसद नकुलनाथ की धर्म के प्रति गहरी आस्था है उन्हीं की इच्छाशक्ति और अंतरात्मा की आवाज और स्थल पर विशेष अनुभूति के  फलस्वरुप 25 अक्टूबर 2012 को इस मंदिर की आधारशिला रखी और फिर फरवरी 2015 में भगवान हनुमान की भव्य प्रतिमा को प्राण प्रतिष्ठित की गई, जिसे उन्होंने सनातन धर्म को समर्पित किया। कमलनाथ व नकुलनाथ का मानना है कि हनुमानजी सेवा और भक्ति के प्रतीक है। जहां हनुमान जी की सेवा और भक्ति होती है वहां भगवान स्वयं ही प्रगट हो जाते हैं। ग्राम सिमरिया के हनुमानजी को छिंदवाड़ावासी अपने रक्षक के रूप में देखते हैं। उन्हें पास से देखने से लगता है कि मानो संकटमोचन अपने वास्तविक स्वरुप में यहां साक्षात विराजमान है।  

सादगी से मनाया संकट मोचन का जन्मोत्सव

सिमरिया धाम मंदिर परिसर में उपस्थित मीडिया के साथियों से चर्चा में नकुलनाथ ने कहा कि विगत दिनों छिन्दवाड़ा-नागपुर नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क दुर्घटना में 10 लोगों की असमय निधन होना बेहद दुखद है। इस दुख की घड़ी में कांग्रेस उन परिवारों के साथ खड़ी है जिन पर दुख का पहाड़ टूटा है। इसे दृष्टिगत रखते हुए इस बार हनुमान जी महाराज का जन्मोत्सव का कार्यक्रम सादगी से मनाया गया। कमलनाथ व नकुलनाथ ने जिले, नगर व प्रदेशवासियों को हनुमान जन्मोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दी।

श्रद्धालु भक्तों ने ग्रहण किया पवित्र प्रसाद

पूजन अर्चन के उपरांत मंदिर परिसर के बाहर श्रद्धालु भक्तजनों को प्रसादी का वितरण प्रारंभ किया गया। मंदिर में पूजन अर्चन व दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालु भक्तजनों को देर शाम तक सतत रूप से प्रसादी का वितरण किया गया। प्रसादी प्राप्त कर भक्तजनों ने पुण्य लाभ अर्जित किए।

नकुल कमलनाथ ने निज निवास पर किया गदा पूजन

हनुमान जन्मोत्सव पर प्रतिवर्ष ढोल, गाजे व बाजों के साथ विशेष गदा पूजन कर गदा यात्रा निकाली जाती थी, किन्तु इस वर्ष जिले में घटित हुई हृदय विदारक दुर्घटना के चलते शांतिपूर्ण व सादगी के साथ श्री गदा पूजन नकुल-कमलनाथ ने निज निवास पर किया। पूजन अर्चन उपरांत श्री गदा भक्ति भाव के साथ सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर सिमरिया धाम में अर्पित किया गया। सम्पूर्ण आयोजनों में “जय श्रीराम व जय वीर हनुमान के गगन भेदी जय घोष भक्तजनों ने लगाए। किसी प्रकार के ढोल, गाजे व बाजों का उपयोग आयोजन में नहीं किया गया।
Share News On