पेंचवेली एक्सप्रेस में एसी व स्लीपर कोच बढ़ाने कमलनाथ ने लिखा पत्र
राजनीति
09-Jun-26
छिन्दवाड़ा
मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने संसदीय क्षेत्र छिन्दवाड़ा को रेल मार्ग से प्रदेश के महानगरों व जिलों के साथ ही देश की राजधानी दिल्ली से भी जोड़ा है। ट्रेनों के विस्तार और अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन परासिया, जामई और पांढुर्ना के निर्माण का श्रेय कमलनाथ को ही जाता है। उन्होंने यात्रियों की असुविधा को गम्भीरता से दृष्टिगत रखते हुए रेल मंत्री को एक अहम पत्र लिखा है, जिसमें पेंचवेली एक्सप्रेस में आवश्यकता अनुसार कोच बढ़ाने का आग्रह किया है, ताकि यात्रियों का सफर सस्ता व सुलभ हो सके।
पूर्व सीएम कमलनाथ ने अपने अर्द्ध शासकीय पत्र क्रमांक 143 में उल्लेख किया कि छिन्दवाड़ा- भोपाल रेल मार्ग पर संचालित पेंचवेली एक्सप्रेस इस क्षेत्र के यात्रियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं लोकप्रिय रेल सेवा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री इस ट्रेन के माध्यम से यात्रा करते हैं। विशेष रूप से छिन्दवाड़ा, नर्मदापुरम एवं भोपाल के मध्य आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन प्रमुख साधन के रूप में स्थापित हो चुकी है। विगत कई वर्षों से यात्रियों द्वारा इस ट्रेन में अतिरिक्त कोच लगाए जाने की मांग की जाती रही है। वर्तमान में भी अधिकांश समय आरक्षण हेतु लंबी प्रतीक्षा सूची बनी रहती है, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। अवकाश व त्योहार के दौरान स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो जाती है।
मेरे संज्ञान में आया है कि इस ट्रेन में वर्तमान में एसी कोच की संख्या यात्रियों की मांग की तुलना में पर्याप्त नहीं है, साथ ही स्लीपर श्रेणी में भी अतिरिक्त क्षमता की आवश्यकता है। आवश्यकतानुसार अतिरिक्त एसी कोच तथा अतिरिक्त स्लीपर कोच उपलब्ध करा दिए जाएं, तो बड़ी संख्या में यात्रियों को राहत मिलेगी साथ ही रेल यात्रा अधिक सुविधाजनक बन सकेगी।
श्री नाथ ने पत्र के अंत में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से आग्रह किया कि जनसुविधा एवं यात्रियों की दीर्घकाली मांग को दृष्टिगत रखते हुए पेंचवेली एक्सप्रेस में अतिरिक्त एसी एवं स्लीपर कोच लगाए जाने हेतु सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक कार्यवाही हेतु सम्बंधित को आदेश प्रदान करें।