पत्र लिखने की नौटंकी कर रहे कमलनाथ: सौरभ ठाकुर
छिंदवाड़ा
22-Jul-25
पूर्व सांसद नकुलनाथ के कार्यकाल में बंद हुई थी श्री दादाजी धाम एक्सप्रेस
छिंदवाड़ा
चार दशकों के अपने लंबे संसदीय कार्यकाल में हवा हवाई विकास का झुनझुना बजाने वाले कमलनाथ अब पत्र लिखने की नौटंकी कर रहे हैं। जनता ने उन पर विश्वास कर बार बार मौका दिया, लेकिन हर बार उन्होंने जनता को छला और विकास के नाम पर दिवास्वप्न ही दिखाया। यह बात भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सौरभ ठाकुर ने कही है। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा से विधायक चुने जाने के बाद कमलनाथ छिंदवाड़ा की जनता की सेवा करने के बजाए दुबई में रहकर सिर्फ पत्र लिखने की खानापूर्ति कर रहे हैं।

भाजपा मंडल अध्यक्ष सौरभ ठाकुर ने कहा कि सबसे हास्यास्पद बात तो यह है कि दुबई में बैठकर श्री दादाजी धाम खंडवा तक जिस ट्रेन को चलाने की मांग पत्र के जरिए कमलनाथ कर रहे हैं, वह ट्रेन पूर्व सांसद नकुलनाथ के संसदीय कार्यकाल में ही बंद हुई थी। आज ट्रेनों को लेकर पत्र लिखने वाले पूर्व सांसद कमलनाथ के संसदीय कार्यकाल में केंद्र में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद परासिया से छिंदवाड़ा तक महज 30 किलोमीटर तक ट्रेन आने में 30 वर्ष लग गए थे।
कांग्रेस के नेताद्वय को युवा सांसद बंटी विवेक साहू से सीखना चाहिए कि जनता की सेवा किस तरह की जाती है। जनता ने जिस विश्वास और उम्मीदों के साथ उन्हें चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरने के लिए कितनी मेहनत की जाती है। सांसद श्री साहू समर्पण भाव से दिन रात जनहित के कार्यों में जुटे हैं, उन्हीं प्रयासों का नतीजा है कि छिंदवाड़ा-पांढुरना संसदीय क्षेत्र में विकास की एक नई अवधारणा लिखी जा रही है। जनता को नित नई सौगातें मिल रही हैं।