जवाहर नवोदय विद्यालय प्रबंधन की हठधर्मिता से राज का भविष्य खतरे में?
छिंदवाड़ा
03-Jul-25
पालक ने की जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
छिंदवाड़ा
सिंगोड़ी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय प्रबंधन की हठधर्मिता के कारण यहां पढ़ने वाले एक विद्यार्थी का भविष्य दांव पर लग गया है। बार-बार स्कूल के चक्कर काट कर वो और उनके पालक थक चुके हैं लेकिन स्कूल प्रबंधन उनकी एक नहीं सुन रहा हैं। थकहार कर पालक मामले में जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की गुहार लगा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार राज साहू ने सिंगोड़ी के जवाहर नवोदय विद्यालय से इस सत्र में कक्षा 10 वीं उत्तीर्ण की है। राज आगे की पढ़ाई कॉमर्स विषय से करना चाहता है जो कि विद्यालय में नहीं है। इस हेतु उसने विद्यालय से टीसी के लिए आवेदन किया है लेकिन विद्यालय प्रबंधन उसे टीसी न देकर गणित या आटर््स पढ़ने के लिए मजबूर कर रहा है। राज साहू ने सभी आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली है जिसमें नो ड्यूज सर्टिफिकेट भी शामिल है फिर भी स्कूल प्रबंधन उसे टीसी देने में आनाकानी कर रहा है।

फिलहाल नए सत्र की शुरूआत हो चुकी है और कुछ समय बात अन्य स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया बंद हो जाएगी। यदि राज साहू को शीघ्र ही टीसी प्रदान नहीं की गई तो वह आगे की पढ़ाई के लिए किसी अन्य ऐसे स्कूल में प्रवेश नहीं ले पाएगा जहां कॉमर्स पढ़ाया जा रहा है। फिर मजबूरन जवाहर विद्यालय में उसे साइंस या आर्ट्स की पढ़ाई करनी पड़ेगी।
जवाहर नवोदय विद्यालय प्रबंधन की मनमानी से परेशान राज साहू और उसके अभिभावकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा अधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है ताकि राज साहू कॉमर्स विषय लेकर किसी अन्य स्कूल में पढ़ाई कर सके और अपने माता-पिता का सपना पूरा कर सके।