Home News Helpline Classified Jobs About Contact

किसानों को किराए पर यंत्र देने वाले संस्थान का निरीक्षण

किसानों को किराए पर यंत्र देने वाले संस्थान का निरीक्षण
कृषि जगत
12-Sep-26
कृषि विभाग संचालक उमाशंकर भार्गव ने ली संचालक से जानकारी

छिंदवाड़ा

किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के संचालक उमाशंकर भार्गव ने शनिवार को जिले के विकासखंड छिंदवाड़ा अंतर्गत ग्राम रामगढ़ी स्थित कस्टम हायरिंग सेंटर का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध विभिन्न कृषि यंत्रों का अवलोकन किया तथा उनके उपयोग, संचालन एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही कृषि यंत्र सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।

संचालक श्री भार्गव ने कस्टम हायरिंग सेंटर के संचालक चंद्रभान रघुवंशी से केंद्र की स्थापना, उपलब्ध कृषि यंत्रों, उनके उपयोग एवं किसानों को प्रदान की जा रही सेवाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की। केंद्र संचालक ने बताया कि कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना वर्ष 2022-23 में कृषि अभियांत्रिकी विभाग की निजी कस्टम हायरिंग केंद्र योजना अंतर्गत की गई थी। इसके माध्यम से विभाग द्वारा 9,11,000 रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई है। श्री रघुवंशी ने केंद्र की आय, संचालन व्यवस्था, वार्षिक लाभ-प्राप्ति तथा कृषि यंत्रों के माध्यम से क्षेत्र के किसानों को मिल रही सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी दी।

इस अवसर पर संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग श्री भार्गव ने कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने तथा किसानों को आवश्यकता के अनुसार आधुनिक कृषि यंत्र उचित दरों पर उपलब्ध कराने में कस्टम हायरिंग सेंटर की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने कृषि यंत्रों के अधिकतम उपयोग एवं क्षेत्र के अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ पहुंचाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि मोरिस नाथ, परियोजना संचालक आत्मा धीरज ठाकुर, सहायक कृषि यंत्री सुश्री अश्विनी सिंह, एसडीओ कृषि छिंदवाड़ा नीलकंठ पटवारी, एसएडीओ संजय नरवारे, कृषि विभाग का मैदानी अमला तथा क्षेत्र के प्रगतिशील किसान उपस्थित थे।
Share News On