देशभक्ति, संस्कृति और अनुशासन के रंगों में रंगा स्वतंत्रता दिवस आयोजन
छिंदवाड़ा
15-Aug-26
मुख्य समारोह; मंत्री उदय प्रताप सिंह ने किया ध्वजारोहण, परेड की सलामी ली

छिंदवाड़ा
देशभक्ति, अनुशासन और उत्साह के माहौल में जिले में भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षाेल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित हुआ। प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन से शुरू हुए समारोह में ध्वजारोहण के साथ ही पूरा परेड ग्राउंड राष्ट्रगान की गूंज से गुंजायमान हो उठा।
ध्वजारोहण के बाद मंत्री सिंह ने कलेक्टर हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय और परेड कमांडर हर्ष यादव के साथ खुली जिप्सी में परेड का निरीक्षण किया। आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए। भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का मुख्यमंत्री के संदेश सहित लाइव प्रसारण भी एलईडी वॉल के माध्यम से किया गया।
विकास के आंकड़ों से जिले की तस्वीर बताई
मुख्यमंत्री के संदेश के बाद मंत्री उदय प्रताप सिंह ने जिला स्तरीय संदेश का वाचन किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर एवं विकसित मध्यप्रदेश के विजन के अनुरूप छिंदवाड़ा भी विकास के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जिले के विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि पीएम जनमन योजना के तहत 224 ग्रामों एवं शहरी क्षेत्रों के 36,044 हितग्राहियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। योजना में स्वीकृत 5,797 आवासों में से 5,753 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जिससे 99.2 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है। वहीं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 511 ग्रामों में 92,159 परिवारों का सर्वे किया गया है।
छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्प्लेक्स के लिए 969 करोड़ रुपए के विशेष पैकेज तथा माचागोरा ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना के लिए 937.22 करोड़ रुपए की स्वीकृति का भी उल्लेख किया गया। वॉश ऑन व्हील्स, ग्रामीण होम स्टे तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती जैसे नवाचारों को स्वच्छता, पर्यटन और स्वरोजगार से जोड़ा गया।
11 प्लाटून ने किया आकर्षक मार्चपास्ट
समारोह का प्रमुख आकर्षण हर्ष फायर और आकर्षक मार्चपास्ट रहा। कुल 11 प्लाटून ने अपने-अपने कमांडरों के नेतृत्व में अनुशासनबद्ध कदमताल करते हुए देश के प्रति समर्पण का प्रदर्शन किया। इसमें एसएएफ 8वीं बटालियन, जिला पुलिस बल, जिला होमगार्ड्स, जिला महिला पुलिस बल, एनसीसी सीनियर डिवीजन गर्ल्स एवं बॉयज, एमपी फॉरेस्ट, एनसीसी जूनियर डिवीजन, शौर्यादल और एसएएफ बैंड प्लाटून शामिल रहे।
महारानी लक्ष्मीबाई की वीरगाथा ने बांधा समां
बालाजी पब्लिक स्कूल और निर्मला इंग्लिश मीडियम स्कूल के विद्यार्थियों ने सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन किया। पीएम श्री शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने महारानी लक्ष्मीबाई की वीरगाथा पर सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जबकि संत आशाराम गुरुकुल के विद्यार्थियों ने अनेकता में एकता का संदेश दिया।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
समारोह में राजस्व, पुलिस, शिक्षा, वन, ग्रामीण विकास, कृषि, सहकारिता, शहरी विकास, स्वास्थ्य और समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। निगम क्षेत्र में पिछले 10 वर्षों के दौरान 70 हजार से अधिक सांपों एवं वन्यजीवों को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ने के कार्य के लिए सर्प मित्र हेमंत गोदरे को भी सम्मानित किया गया।
परेड में प्रथम समूह में 8वीं बटालियन एसएएफ, द्वितीय समूह में एनसीसी सीनियर डिवीजन बॉयज और तृतीय समूह में एनसीसी जूनियर डिवीजन गर्ल्स को प्रथम पुरस्कार मिला। बेस्ट परेड कमांडर का पुरस्कार रक्षित निरीक्षक हर्ष यादव, बेस्ट परेड सेकंड इन कमांडर का पुरस्कार सब इंस्पेक्टर रोहित शेंडे और बेस्ट बैंड प्लाटून वादन का पुरस्कार प्रधान आरक्षक गंगाराम आतराम को दिया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुति में पीएम श्री शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रथम और निर्मला इंग्लिश मीडियम स्कूल द्वितीय रहा। व्यायाम प्रदर्शन में बालाजी पब्लिक स्कूल प्रथम तथा संत श्री आसाराम गुरुकुल द्वितीय रहा।
शहीद परिवारों को किया सम्मानित
समारोह में देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीद सैनिकों के परिजनों का पुष्पगुच्छ, शॉल और श्रीफल से सम्मान किया गया। इस दौरान शहीदों के त्याग और वीरता को नमन करते हुए उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
‘छिंदवाड़ा जिले की विकास गाथा’ पुस्तिका जारी
स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले के विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित ‘छिंदवाड़ा जिले की विकास गाथा’ विकास पुस्तिका का वितरण किया गया। पुस्तिका में जिले में संचालित विकास योजनाओं, प्रमुख उपलब्धियों और जनहित से जुड़े कार्यों की जानकारी शामिल की गई है। इसे जिला प्रशासन के सहयोग से जनसंपर्क विभाग ने तैयार किया है।
मुख्य समारोह में सांसद विवेक बंटी साहू, डॉ. शेषराव यादव, महापौर विक्रम अहके, डीआईजी राकेश सिंह, कलेक्टर हरेंद्र नारायन, एसपी अजय पांडेय, जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकार, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी मौजूद रहे।
कलेक्टर कार्यालय से सहकारी बैंक तक फहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने कलेक्टर कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया। अधिकारियों-कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। कलेक्टर निवास और विभिन्न विभागों के कार्यालयों में भी कार्यालय प्रमुखों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया गया। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में भी कलेक्टर एवं बैंक के प्रशासक हरेंद्र नारायन ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, बैंक के सीईओ राजेश रायकवार सहित बैंक के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कृषि अनुसंधान केंद्र में तिरंगा यात्रा, विद्यार्थियों ने दिए देशभक्ति संदेश
आंचलिक कृषि अनुसंधान केंद्र एवं उद्यानिकी महाविद्यालय में अधिष्ठाता डॉ. आर.सी. शर्मा ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर के कुलपति डॉ. पी.के. मिश्रा का संदेश प्रस्तुत किया गया। सात दिवसीय एनएसएस कैंप, खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र दिए गए। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों ने तिरंगा यात्रा निकाली। एनएसएस सेवकों ने ‘नशा मुक्त भारत’, ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’, ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और ‘भारत की शान’ जैसे नारों के साथ परिसर में रैली निकाली।
बच्चों के साथ मंत्री ने खाई खीर-पूरी
स्वतंत्रता दिवस पर जिले के सभी स्कूलों में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत विशेष भोज का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय विशेष भोज पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कैलाश नगर में हुआ। यहां स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर खीर-पूरी खाई और बच्चों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर विशेष भोज की शुरुआत की।
कार्यक्रम में सांसद विवेक बंटी साहू, डॉ. शेषराव यादव, महापौर विक्रम अहके, कलेक्टर हरेंद्र नारायन और जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी शामिल हुए। मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन कर भारत माता, महात्मा गांधी और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया तथा कन्याओं का पूजन कर उन्हें उपहार भेंट किए।
इस तरह छिंदवाड़ा में स्वतंत्रता दिवस का उत्सव सिर्फ ध्वजारोहण और परेड तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विकास की उपलब्धियों, शहीद परिवारों के सम्मान, विद्यार्थियों की प्रतिभा, सांस्कृतिक विरासत और जनभागीदारी के साथ पूरे जिले में देशभक्ति के रंग में नजर आया।