Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

एमएलबी में प्रभारी डीईओ ने ली अशासकीय शाला प्राचार्यों की बैठक

एमएलबी में प्रभारी डीईओ ने ली अशासकीय शाला प्राचार्यों की बैठक
छिंदवाड़ा
19-May-26
समीक्षा बैठक में प्रभारी डीईओ श्री मेश्राम ने दिए आवश्यक निर्देश

छिन्दवाडा 

प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी पी.एल. मेश्राम ने मंगलवार को एमएलबी के सभाकक्ष में छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के समस्त अशासकीय विद्यालयों के संचालक एवं प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निजी विद्यालयों से संबंधित विभिन्न प्रशासनिक एवं शैक्षणिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी श्री मेश्राम ने निर्देश दिए कि सभी अशासकीय विद्यालय निर्धारित समय-सीमा में डीपीआई फीस पोर्टल पर शुल्क संबंधी जानकारी अनिवार्य रूप से अपलोड करें। साथ ही विद्यार्थियों के अभिभावकों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टी.सी.) तत्काल उपलब्ध कराया जाए। कक्षा 1 से 12वीं तक समस्त विद्यार्थियों के नामांकन, अपार आईडी निर्माण, छात्र प्रोफाइल अपडेट, समेकित छात्रवृत्ति एवं एमपी टास्क छात्रवृत्ति के लिये ओटीआर जनरेशन सहित संबंधित कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी श्री मेश्राम ने विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को लाने-ले जाने वाले वाहनों एवं वैन की सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही विद्यालय परिसर में विद्यार्थी संख्या के अनुरूप प्रसाधन, स्वच्छ पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार (आरटीई) के तहत प्रवेशित बच्चों के हितों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में सहायक संचालक डी.पी. डेहरिया, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक अविनाश दीक्षित, विकासखंड शिक्षा अधिकारी छिंदवाड़ा अशरफ अली, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक अजय केकतपुरे तथा मान्यता प्रभारी दिनेश वर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Share News On