Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

शहर के उप ब्लॉक व वार्डों में हुई कांग्रेस की अहम बैठकें

शहर के उप ब्लॉक व वार्डों में हुई कांग्रेस की अहम बैठकें
छिंदवाड़ा
18-Feb-26
संगठनात्मक विषयों के साथ ही एसआईआर पर हुई गहन चर्चा

छिन्दवाड़ा

शहर कांग्रेस व शहर के उप ब्लॉक के कांग्रेस पदाधिकारी संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रियता के साथ कार्य कर रहे हैं। शहर के वार्डों में आयोजित बैठकों में भाजपा शासित निगम पर कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ ही आमजन का गुस्सा फूट रहा है। सभी का एकमत में कहना है कि टैक्स पूरा तो फिर सुविधाएं क्यों अधूरी? इस प्रश्न को कांग्रेस जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी में है।

कांग्रेस के पूर्व उप ब्लॉक की बैठक शिकारपुर कमलकुंज में सम्पन्न हुई। इसके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक 32 की बैठक हंसा अम्बर दाढ़े के निवास पर, वार्ड क्रमांक 46 की बैठक मंगल उइके के निवास पर व वार्ड क्रमांक 08 की बैठक सागरपेशा में दीपक यादव के निवास पर सम्पन्न हुई। सम्पूर्ण बैठकों में संगठनात्मक विषयों के साथ ही भाजपा शासित निगम में वसूले जा रहे भारी भरकम टैक्स का खुला विरोध हुआ। उपस्थित कांग्रेस जनप्रतिनिधियों व निगम में चुने हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा। नगर में सफाई और पेयजल व्यवस्था लड़खड़ाई हुई है। लोगों को तमाम तरह की असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री विश्वनाथ ओकटे ने बैठकों को सम्बोधित करते हुए संगठन को मजबूत करने हेतु बूथ कमेटियों के गठन व वार्ड स्तर पर कांग्रेस कमेटियों के गठन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अव्यवस्था और भ्रष्टाचार का गढ़ सिर्फ निगम नहीं, अन्य स्थान भी बन चुके हैं जिनसे जनता त्रस्त है।

छिन्दवाड़ा विधानसभा प्रभारी गोविंद राय ने सम्बोधित करते हुए एसआईआर की प्रक्रिया पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नाम जोड़ने अथवा काटे जाने की प्रक्रिया सतत रूप से जारी रहेगी। इस पर ध्यान देने की आवश्यकता है। वार्ड और जोन स्तर किन लोगों के नाम जुड़े और किन लोगों के कटे हैं इस पर ध्यान अवश्य केन्द्रित रखें। किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर तत्काल शिकायत करें।

निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो ने कहा कि टैक्स पूरा और सुविधाएं अधूरी का मुद्दा जल्द ही जनता के बीच लेकर पहुंचेंगे और बताएंगे कि माननीय कमलनाथ जी एवं माननीय नकुलनाथ जी के कार्यकाल में कभी जनता पर टैक्स का बढ़ा हुआ बोझ नहीं डाला फिर भी सुविधाएं पूरी मिली, किन्तु वर्तमान में टैक्स के नाम पर जनता से लूट की जा रही और सुविधाएं शून्य है।

 आयोजित बैठक को शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान प्रमुख रूप से छिन्दवाड़ा विधानसभा प्रभारी गोविंद राय, जाकिर परवेज, भैय्याजी शिवारे, बबला पटेल, शैलेन्द्र उर्फ शैलू सेंगर, रिंकू नैय्यर, राजेश चौधरी, अर्जुन बघेल, राजेश सोनी, शैलेश ठाकुर, संतोष प्रजापति, दत्तू निर्मलकर, रवि करपे, आकाश ठाकुर, मनीष हरे, मदन पंच, विसम्बर वानखेड़े, शांतिलाल उइके, संदीप यादव, भरत यादव, गौरव, राजकुमार बघेल सहित जोन प्रभारी, वार्ड अध्यक्ष, बूथ संयोजक व बीएलए उपस्थित रहे।   
Share News On