होटल, रेस्टॉरेंट सहित फुटपाथ फूड व्यापारियों पर ईंधन संकट
छिंदवाड़ा
11-Mar-26
कर्शियल गैस सिलेंडर रोक का पड़ेगा व्यापक असर, कालाबाजारी रोकने प्रशासन सर्तक
छिंदवाड़ा
ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण पेट्रोलियम पदार्थों के विश्वव्यापी असर को देखते हुए सरकार और प्रशासन सर्तक हो गया है। घरेलू गैस की कमी को दूर करने के लिए फिलहाल कर्मिशयल गैस सिलेंडरों पर रोक लगा दी गई है साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों की बुकिंग का समय 21 दिनों के बजाए अब 25 दिन का कर दिया गया है। अगर यह वैश्विक संकट जल्द ही नहीं रूका तो सरकार के इस फैसले का असर होटलों, रेस्टॉरेंट सहित फुटपाथ पर फूड व्यापार करने वालों पर व्यापक असर पड़ने की संभावना है। साथ ही खाद्य विभाग भोपाल से हर जिले में बारीकी से नजर रखने के आदेश दिए गए है ताकि कहीं भी गैस सिलेंडर को लेकर अफरा-तफरी, जमाखोरी अथवा किसी भी तरह का संकट खड़ा न हो।

मिली जानकारी के अनुसार खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय ने 10 मार्च को प्रदेश के सभी कलेक्टर्स को आदेश जारी किया है जिसमें घरेलू और कमिर्शयल गैस सिलेंडर को लेकर दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश पत्र में कहा गया है कि वर्तमान भू-राजनीतिक स्थिति के कारण गैस आयात में रूकावट को देखते हुए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय भारत सरकार द्वारा सभी सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि एलपीजी की आपूर्ति और विपणन केवल घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को किया जाए। प्रत्येक गैस बुकिंग और डिलेवरी के बीच 25 दिनों का अंतर रखा जाए।
बाजार में किसी भी कीमत पर कालाबाजारी और अफरा-तफरी को रोकने सख्त उपाए किए जाए। वर्तमान में अस्पताल और शैक्षणिक संस्थाओं के अलावा किसी भी तरह के संस्थानों में कमर्शियल एलपीजी गैस की सप्लाई नहीं की जाए। साथ ही कलेक्टर्स को कहा गया है कि जिला स्तर पर स्टॉक और वितरण की व्यवस्था की समीक्षा कर व्यवस्था बनाए। इसके लिए ऑयल मार्केटिंग कंपनियों तथा उनके फील्ड अधिकारियों को सतत रूप से जिला प्रशासन के संपर्क में रहकर वस्तुस्थिति की समीक्षा एवं सतत निगरानी रखने के निर्देश भोपाल खाद्य मंत्रालय से दिए गए हैं।